भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में एक नए युग की शुरुआत हो गई है। बोर्ड ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए पूर्व घरेलू क्रिकेटर मिथुन मन्हास को अपना नया अध्यक्ष (President) चुन लिया है। मुंबई में रविवार को हुई वार्षिक आम बैठक (AGM) के बाद उनके नाम पर आधिकारिक मुहर लगाई गई। मिथुन मन्हास ने रोजर बिन्नी की जगह ली है और वह BCCI के शीर्ष पद पर पहुंचने वाले पहले अनकैप्ड (जिसने देश के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच न खेला हो) खिलाड़ी बन गए हैं।
मिथुन मन्हास के अध्यक्ष बनने की जानकारी सबसे पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा की। उन्होंने लिखा, “मिथुन मन्हास को आधिकारिक तौर पर BCCI का नया अध्यक्ष घोषित किया गया है। जम्मू-कश्मीर के सुदूर पूर्व डोडा जिले के लिए, जो मेरा गृह जिला भी है, यह रविवार कितना सौभाग्यशाली रहा। कुछ ही घंटों में पहले किश्तवाड़ की बेटी शीतल (देवी) वर्ल्ड चैंपियन बनीं और उसके तुरंत बाद मिथुन को BCCI अध्यक्ष चुन लिया गया।”
मिथुन मन्हास BCCI अध्यक्ष बनने वाले सिर्फ तीसरे क्रिकेटर हैं। उनसे पहले सौरव गांगुली और रोजर बिन्नी ही बतौर क्रिकेटर इस पद पर काबिज हुए थे। हालांकि, गांगुली और बिन्नी दोनों ही भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके थे, लेकिन दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले मन्हास पहले ऐसे अध्यक्ष हैं जिन्होंने कभी सीनियर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व नहीं किया। यह भारतीय क्रिकेट प्रशासन में एक अभूतपूर्व क्षण है।


