मशहूर भजन गायक हंसराज रघुवंशी को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ‘मेरा भोला है भंडारी’ गाने से देश भर में ख्याति पाने वाले रघुवंशी से 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार गैंग का सदस्य बताया है। इस संबंध में गायक की शिकायत पर मोहाली पुलिस ने मध्य प्रदेश निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने मध्य प्रदेश के उज्जैन निवासी राहुल कुमार नागड़े के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 308(5) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी राहुल की हंसराज रघुवंशी से पहली मुलाकात उज्जैन के महाकाल मंदिर में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे उसने भक्ति भाव का दिखावा कर गायक और उनके परिवार का विश्वास जीत लिया और खुद को हंसराज का छोटा भाई बताने लगा।
आरोपी राहुल, हंसराज के कॉन्सर्ट्स में भी हिस्सा लेने लगा और खुद को परिवार का करीबी बताकर उसने हंसराज की टीम और परिवार के सदस्यों के कॉन्टैक्ट डिटेल्स हासिल कर लिए। उसने ‘राहुल रघुवंशी’ नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल भी बनाई और हंसराज से उसे फॉलो भी करवा लिया, ताकि वह खुद को गायक का असली भाई साबित कर सके।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल 2023 में हंसराज रघुवंशी की शादी में भी शामिल हुआ और वहां से उसने परिवार की तस्वीरें और अन्य डिटेल्स इकट्ठा कीं। इसी आड़ में उसने गायक के फैन्स और ऑर्गैनाइजर्स से महंगे तोहफे लेने और उन्हें लूटने का सिलसिला शुरू कर दिया। यहां तक कि उसने ओडिशा की एक महिला को भी सिंगर का भाई बताकर अपने जाल में फंसाया।
जब हंसराज रघुवंशी और उनकी पत्नी कोमल सकलानी को राहुल की इन हरकतों का पता चला, तो उन्होंने उसे सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया। इससे बौखलाए राहुल ने अपना असली रंग दिखाते हुए गायक, उनकी पत्नी और परिवार को फोन व व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकियां देना शुरू कर दिया। उसने लॉरेंस बिश्नोई व गोल्डी बरार गैंग का नाम लेकर 15 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। इसके अलावा, आरोपी ने सोशल मीडिया पर हंसराज को बदनाम करने वाला कंटेंट भी पोस्ट किया। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है।


