गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में मंगलवार सुबह हवा में अचानक इंजन फेल होने से हड़कंप मच गया। उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद विमान के एक इंजन में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने गोवा एयरपोर्ट पर तुरंत ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी। पायलटों की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित वापस गोवा एयरपोर्ट पर लैंड करा लिया गया, जिससे विमान में सवार सभी यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।
14,000 फीट की ऊंचाई से लौटा विमान, ATC ने संभाला मोर्चा
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की उड़ान 6E 2102 ने सुबह 9:16 बजे दिल्ली के लिए गोवा एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। एविएशन ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म ‘Flightradar24’ के डेटा के मुताबिक, जब विमान दक्षिण महाराष्ट्र के तटीय इलाके के ऊपर लगभग 14,000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी उसके एक इंजन में खराबी आ गई। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए एटीसी को आपातकालीन संदेश भेजा। एटीसी ने सुबह करीब 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित करते हुए विमान को प्राथमिकता के आधार पर लैंडिंग की अनुमति दी।
रनवे 28 पर हुई सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग
पायलटों ने संयम बरतते हुए सुबह 9:51 बजे विमान को गोवा एयरपोर्ट के रनवे 28 पर सुरक्षित उतार लिया। इसके बाद सुबह 10:03 बजे एटीसी ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने पर फुल इमरजेंसी समाप्त की। विमान के बे नंबर 6 पर पार्क होने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें एयरपोर्ट के बोर्डिंग लाउंज में ठहराया गया।
दोपहर 3:30 बजे के लिए रीशेड्यूल हुई उड़ान
एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, तकनीकी जांच और क्लीयरेंस के बाद इस फ्लाइट को दोपहर 3:30 बजे दिल्ली के लिए दोबारा रीशेड्यूल किया गया। यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। इंजन में आई इस अचानक खराबी के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है। विमानन सुरक्षा को लेकर बढ़ती सतर्कता के बीच एहतियाती कदम उठाते हुए समय पर लिए गए इस फैसले से बड़ा विमान हादसा टल गया।


