Wednesday, November 11, 2026
Google search engine
Homeदेशपंजाब में एक दिसंबर से शुरू होगी जनगणना, 16 नवंबर से खुद...

पंजाब में एक दिसंबर से शुरू होगी जनगणना, 16 नवंबर से खुद भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म

पंजाब में जनगणना 2027 के दूसरे चरण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेशभर में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को चंडीगढ़ से 9 डिजिटल एलईडी वैन रवाना की गईं। जनगणना संचालन निदेशालय, पंजाब की निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने हरी झंडी दिखाकर इन वैन को रवाना किया।

ये वैन प्रदेश के विभिन्न जिलों में शहरों, कस्बों, गांवों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को जनगणना की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी देंगी। वैन पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर नागरिक राष्ट्रीय जनगणना पोर्टल पर पहुंच सकेंगे और अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्रचार अभियान में ऑडियो-विजुअल माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना

पंजाब में जनसंख्या गणना का दूसरा चरण 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगा। इससे पहले 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प दिया जाएगा। इसके तहत लोग https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर जनगणना से संबंधित 40 सवालों के जवाब स्वयं ऑनलाइन भर सकेंगे। यह सुविधा 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी।

5 जनवरी की रात 12 बजे होगी संदर्भ तिथि

जनगणना के दूसरे चरण के लिए 5 जनवरी 2027 की रात 12 बजे को संदर्भ तिथि निर्धारित किया गया है। इसी समय की स्थिति के आधार पर जनसंख्या से जुड़े आंकड़े तैयार किए जाएंगे। नियमित गणना पूरी होने के बाद छूटे हुए लोगों को शामिल करने के लिए 3 से 5 दिनों तक पुनरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा।

जिलों में तैयार किया गया वैन का रूट प्लान

डिजिटल एलईडी वैन प्रदेश के सभी जिलों के शहरी और ग्रामीण इलाकों के अलावा प्रमुख बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचेंगी। प्रत्येक जिले में एक अधिकारी को वैन के साथ तैनात किया जाएगा, जो स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय और अभियान के संचालन की जिम्मेदारी संभालेगा। डिप्टी कमिश्नरों और जिला जनगणना अधिकारियों की ओर से वैन के लिए रूट प्लान तैयार किए गए हैं। जागरूकता अभियान के तहत होर्डिंग लगाने के स्थान भी निर्धारित किए गए हैं।

हेल्पलाइन नंबर 1855 पर मिलेगी सहायता

जनगणना से संबंधित ऑनलाइन फॉर्म भरने में किसी प्रकार की परेशानी आने पर नागरिक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्व-गणना की ऑनलाइन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और घरों में पहुंचने वाले जनगणना कर्मचारियों को सही जानकारी उपलब्ध करवाकर पूरा सहयोग दें।

दो चरणों में पूरी होगी जनगणना प्रक्रिया

जनगणना 2027 की प्रक्रिया दो चरणों में आयोजित की जा रही है। पहले चरण में मकानों की सूची तैयार करने और आवास गणना का कार्य पूरा किया जा चुका है। अब दूसरे चरण में देश की जनसंख्या की गणना की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य देश की आबादी से संबंधित सटीक और व्यापक आंकड़े जुटाना है, ताकि भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में इनका इस्तेमाल किया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments