धोनी ने संन्यास की खबरों पर फिर से बयान दिया है। हालांकि, इस बार उन्होंने जवाब व्यंगात्मक लहजे में दिया। धोनी की उम्र 43 साल की है।
महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर पीली जर्सी में एक और आईपीएल सीजन खेलने के लिए तैयार हैं। 43 साल के धोनी रविवार को मुंबई के खिलाफ जब चेपॉक में उतरेंगे तो यह एक खास लम्हा होगा। 2016 और 2017 में चेन्नई की फ्रेंचाइजी पर लगे प्रतिबंध को छोड़ दिया जाए तो वह शुरू से ही इस टीम का हिस्सा रहे हैं और शायद ही कोई मैच मिस किया है। पिछले कुछ वर्षों में उनके संन्यास लेने की चर्चा भी सुर्खियों में रही है, लेकिन हर सीजन वह इसे आकर गलत साबित करते रहे हैं। अब एक बार फिर वह अपने शॉट्स से फैंस को एंटरटेन करते दिखेंगे। धोनी ने संन्यास की खबरों पर फिर से बयान दिया है। हालांकि, इस बार उन्होंने जवाब व्यंगात्मक लहजे में दिया।
धोनी ने क्या कहा?
मुंबई इंडियंस के खिलाफ सीएसके के सीजन के शुरुआती मैच से पहले धोनी ने जियो-हॉटस्टार से कहा कि वह जब तक चाहें तब तक खेल सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं सीएसके के लिए जब तक चाहूं खेल सकता हूं। यह मेरी फ्रेंचाइजी है। यहां तक कि अगर मैं व्हीलचेयर पर हूं, तो वे मुझे खींच लेंगे।’ मुंबई के खिलाफ मैच से पहले धोनी ने हार्दिक पांड्या और कीरोन पोलार्ड से मुलाकात की थी। फ्रेंचाइजी ने इसका वीडियो भी शेयर किया था।
अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर उतरेंगे माही
धोनी ने कुछ साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। आईपीएल नियम के अनुसार पांच साल या इससे अधिक समय पहले संन्यास ले चुके खिलाड़ी को अनकैप्ड प्लेयर माना जाता है इसलिए सीएसके ने आईपीएल 2025 के लिए मेगा नीलामी से पहले धोनी को अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर रिटेन किया था। धोनी ने हाल ही में संकेत दिए थे कि उनमें कुछ वर्ष और खेलने की क्षमता शेष है।
फैंस को धोनी के ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करने की उम्मीद
धोनी पिछले सीजन सातवें या आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतर रहे थे। धोनी अंतिम समय में बल्लेबाजी के लिए आते थे और कुछ शानदार शॉट खेलकर प्रशंसकों का मनोरंजन करते दिखे थे। धोनी ने आईपीएल 2024 में 220 से अधिक के स्ट्राइक रेट और 53.67 के औसत से 161 रन बनाए थे। पिछले सीजन के दौरान धोनी कथित तौर पर चोट की समस्या से भी जूझ रहे थे। फैंस को उम्मीद है कि इस सीजन धोनी ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे।
गायकवाड़ ने आगे कहा- इसलिए 43 साल की उम्र में वह जो कुछ भी कर रहे हैं, मुझे लगता है कि वह शानदार है। हमारे पास कुछ मजबूत चीजें है जिसका हम पिछले दो साल से अनुसरण कर रहे हैं। इसलिए मुझे लगता है कि वास्तव में कुछ भी नहीं बदला है और उम्मीद है कि वह हमारे लिए महत्वपूर्ण पारियां खेलना जारी रखेंगे।