कोरोना के सक्रिय मामलों में अचानक बढ़ोतरी दिख रही है, लेकिन न जांच बढ़ी, न अस्पतालों में भीड़। सरकार ने कोविड डैशबोर्ड सालभर बाद 19 मई को फिर सक्रिय किया, जिसमें 257 केस दिखे। विशेषज्ञों का कहना है–यह सिर्फ आंकड़ों की लहर है, न कि जमीनी संक्रमण की
देश में कोरोना की नई लहर का दावा सिर्फ आंकड़ों की आड़ में किया जा रहा है। ये आंकड़े वे हैं जिन्हें करीब साल भर बाद सार्वजनिक करना शुरू किया गया है। राज्यों के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक में केंद्रीय अधिकारियों ने भी कहा कि सिर्फ आंकड़ों के आधार पर कोरोना बढ़ने का दावा किया जा रहा है, जबकि अस्पतालों में भर्ती रोगियों की संख्या में कोई उछाल नहीं आया है। ना ही जिलों में कोरोना की जांच का ग्राफ बढ़ा है।
जब लोगों का ध्यान हटा, तब भी 76 हजार संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक संक्रमण हमारे बीच पहले जैसा ही रहा, बस समय के साथ हमारा इससे ध्यान हट गया। अधिकारी ने केंद्र की एक रिपोर्ट साझा की है जिसके मुताबिक जब लोगों ने कोरोना को भूलना शुरू कर दिया, तब भी 76 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आए। छह मई 2023 से 31 दिसंबर 2024 के बीच सभी राज्यों में 76096 लोग कोरोना संक्रमित हुए जिनमें 2002 लोगों की कोरोना से मौत भी हुई।
सोमवार को कोविड डैशबोर्ड पर संक्रमण से चार लोगों की मौत होने की पुष्टि की गई। इस पर अधिकारी ने कहा कि अगर इन चारों मामलों की प्रोफाइल पर गौर करेंगे तो पता चलेगा कि यह सभी पहले से संवेदनशील वर्ग में आते हैं जिन्हें बार बार सावधान रहने के लिए कहा जा रहा है। इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। कोरोना से बचने के पुराने उपायों पर ही ध्यान दें। यह संक्रमण पहले से काफी हल्का हुआ है और अधिकांश मरीज अपने घरों में ही ठीक हो रहे हैं।
- एक मौत दिल्ली में 22 वर्षीय महिला की हुई है जो कोरोना की चपेट में आने से पहले टीबी से संक्रमित हुई।
- इसी तरह तमिलनाडु में एक 25 वर्षीय युवक की कोरोना से मौत हुई है लेकिन संक्रमित होने से पहले यह ब्रोन्कियल अस्थमा और गंभीर तीव्र ट्यूबलर चोट से प्रभावित था।
- इसके अलावा केरल में एक मौत हुई है जिसकी जानकारी अभी नहीं आई है लेकिन चौथी मौत महाराष्ट्र में 44 वर्षीय पुरुष की हुई है जो कोरोना से पहले महाधमनी के साथ गंभीर एआरडीएस समस्या से जूझ रहा था।


