Wednesday, November 4, 2026
Google search engine
Homeदेश‘अंतरिक्ष से भारत बहुत भव्य दिखता है’… ISS से PM मोदी से...

‘अंतरिक्ष से भारत बहुत भव्य दिखता है’… ISS से PM मोदी से बातचीत में बोले शुभांशु शुक्ला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अंतरिक्ष में गए भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बात की है। इस बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने उनका हालचाल जाना और कहा कि उनकी यह यात्रा नए युग का शुभ आरंभ है। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) पर जाने वाले पहले भारतीय ने देश के लिए इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताया। बातचीत के अंत में उन्होंने “अंतरिक्ष से भारत माता की जय” कहा।

पीएम मोदी ने शुभांशु शुक्ला से कहा, “आप भारतभूमि से दूर हैं, लेकिन भारतवासियों के दिलों के सबसे करीब हैं। आपके नाम में भी शुभ है और आपकी यात्रा नए युग का शुभ आरंभ भी है। जब हम दोनों बात कर रहे हैं, लेकिन मेरे साथ 140 करोड़ भारतवासियों की भावनाएं भी हैं, मेरी आवाज में सभी भारतीयों का उत्साह और उमंग शामिल है।”

उन्होंने कहा, “अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने के लिए मैं आपको हार्दिक बधाई देता और शुभकामना देता हूं।”

पीएम मोदी ने शुभांशु से पूछा कि वहां सब कुशल मंगल तो है? इस पर शुभांशु ने पीएम मोदी का धन्यवाद देते हुए कहा कि वहां सब ठीक है। उन्होंने कहा, “सभी के आशीर्वाद और प्यार पाकर बहुत अच्छा लग रहा है। मेरी यात्रा पृथ्वी से ऑर्बिट तक की 400 किमी की यात्रा बेहद अहम है। आज मैं गर्व महसूस कर रहा हूं कि मैं अपने देश का प्रतिनिधित्व कर पा रहा हूं।”

प्रधानमंत्री ने अपनी बातचीत में कहा कि हर भारतीय देख रहा है कि शुभांशु शुक्ला कितने ‘डाउन टू अर्थ’ हैं। पीएम ने पूछा कि उन्होंने अपने साथी अंतरिक्ष यात्रियों को भी गाजर का हलवा खिलाया या नहीं? उन्होंने शुभांशु से पूछा कि अंतरिक्ष की विशालता देखकर पहला ख्याल क्या आया? इसके जवाब में भारतीय अंतरिक्ष यात्री ने कहा कि अंतरिक्ष से कोई सीमा दिखाई नहीं देती, हम भारत को मैप पर देखते हैं, भारत सच में बहुत भव्य दिखता है।

शुभांशु ने बताया कि उन्होंने अपने पैर बांध रखे हैं क्योंकि वहां जीरो गुरुत्वाकर्षण है। चुनौतियों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में सोना बहुत बड़ी चुनौती है।

पीएम मोदी ने कहा कि चंद्रयान की सफलता के बाद देशभर के बच्चों में अंतरिक्ष को एक्सप्लोर करने का जज्बा बढ़ा है और शुभांशु की यात्रा बच्चों को जज्बा देती है।

प्रधानमंत्री के आग्रह पर देश की युवा पीढ़ी के लिए संदेश में शुभांशु ने कहा, “हमने बड़े सपने देखे हैं, उन्हें पूरा करने के लिए कहूंगा कि सफलता का कोई एक रास्ता नहीं होता। इसलिए, कभी प्रयास करना मत छोड़िए, सफलता जरूर मिलेगी।”

अंतरिक्ष के क्षेत्र में देश के सपने के बारे में बात करते हुए पीएम मोदी ने शुभांशु से कहा कि हमें अपना स्टेशन बनाना है और चंद्रमा पर एस्ट्रोनॉट की लैंडिंग करानी है, इसके लिए आपका यह अनुभव काफी काम आएगा। जवाब में शुभांशु ने कहा कि हर बात का वह बारीकी से अध्ययन कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी यह यात्रा विकसित भारत यात्रा को नई गति देगी। इस पर शुभांशु ने कहा कि यह यात्रा अद्भुत रही। यहां पहुंचने के बाद उन्हें लगता है कि यह देश के लिए बड़ा अचीवमेंट है। उन्होंने कहा, “मैं देश के बच्चों से कहूंगा कि आप अपना भविष्य बेहतर बनाइए क्योंकि इससे देश का भविष्य भी उज्ज्वल होगा। हमेशा एक बात मन में रखें कि ‘स्काई इज नेवर द लिमिटि’।”

शुभांशु ने कहा, “मेरे पीछे जो आप तिरंगा देख रहे हैं, यह पहले नहीं था। मैंने कल (शुक्रवार को) ही इसे यहां लगाया है। यह मुझे बहुत भावुक करता है।”

पीएम मोदी ने अंत में शुभांशु शुक्ला से अपना ध्यान रखने, मां भारती का मान बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने 140 करोड़ देशवासियों की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दी। इस पर शुभांशु ने कहा, “अंतरिक्ष से भारत माता की जय।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments