गुजरात के नवसारी जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अपार्टमेंट की लिफ्ट में फंसने से पांच साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लिफ्ट को कटर से काटकर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
यह दिल दहला देने वाली घटना जिले के विजलपुर इलाके के नीरव स्क्वायर अपार्टमेंट की है। जानकारी के मुताबिक, मां बच्चे के साथ बाहर जाने के लिए निकली थी। जैसे ही मां घर के दरवाजे पर ताला लगाने लगी, बच्चा खेलते-खेलते लिफ्ट में घुस गया। इससे पहले कि मां कुछ समझ पाती, लिफ्ट का दरवाजा बंद हो गया और वह दूसरी मंजिल से नीचे की ओर चल पड़ी। इसी दौरान बच्चा बुरी तरह लिफ्ट में फंस गया।
बच्चे के फंसते ही चीख-पुकार मच गई और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। लेकिन बचाव कार्य में भी लापरवाही सामने आई, जब मौके पर पहुंची दमकल टीम की कटर मशीन खराब हो गई, जिससे बचाव अभियान में और देरी हुई। करीब एक घंटे बाद किसी तरह लिफ्ट को काटकर बच्चे को बाहर निकाला गया और उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना ने अपार्टमेंट में लिफ्ट के रखरखाव और सुरक्षा उपायों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लिफ्ट में तकनीकी खराबी के एंगल से भी जांच की जा रही है।


