बालीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी व उनके पति राज कुंद्रा की मुश्किलें बढ़ने वाली है। 60 करोड़ की धोखाधड़ी के एक मामले में दोनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किए जाने की संभावना है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि ये दोनों अक्सर विदेश यात्रा करते हैं। एलओसी का मकसद ये सुनिश्चित करना है कि इस केस की जांच आसानी से और बिना किसी रुकावट के हो सके। इस बीच अब शिल्पा ने अपने मशहूर रेस्तरां ‘बास्टियन बांद्रा’ को बंद करने का ऐलान कर दिया है।
शिकायतकर्ता व्यापारी दीपक कोठारी का आरोप है कि साल 2015 से 2023 के बीच शिल्पा और राज ने बिज़नेस बढ़ाने के नाम पर उनसे 60 करोड़ रुपए लिए। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने अप्रैल 2016 में लिखित तौर पर पर्सनल गारंटी भी दी थी लेकिन कुछ ही महीनों में शिल्पा ने कंपनी से डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया और बाद में पता चला कि कंपनी पर 1.28 करोड़ का इंन्सॉल्वेंसी केस चल रहा है। व्यापारी का दावा है कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई। इस मामले में आरोप है कि कंपनी के नाम पर लिए गए पैसे निजी खर्चों में उड़ाए गए।


