उत्तराखंड के पर्यटन स्थल नैनीताल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली से घूमने आई एक युवती के साथ टैक्सी चालक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की, जिसके बाद युवती किसी तरह उसके चंगुल से बचकर जंगल की ओर भाग निकली और पूरी रात डर के साए में छिपकर बिताने को मजबूर हो गई।
जानकारी के अनुसार युवती गुरुवार को नैनीताल घूमने आई थी। उसने हल्द्वानी निवासी दीपक बोरा की टैक्सी किराये पर ली थी। पीड़िता के मुताबिक नैनीताल से करीब 12 किलोमीटर पहले आरोपी चालक ने कार को मुख्य मार्ग से हटाकर पटवाडांगर की ओर जंगल वाले रास्ते में मोड़ दिया। युवती ने इसका विरोध किया तो चालक ने कार की रफ्तार तेज कर दी और कुछ दूरी पर ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। पीड़िता ने बताया कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था और उसने युवती का मोबाइल फोन भी छीन लिया। जब युवती ने विरोध किया तो दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इसी दौरान मौका पाकर युवती टैक्सी से उतरकर नंगे पैर ही जंगल की तरफ भाग निकली। आरोपी ने कुछ दूर तक उसका पीछा भी किया, लेकिन युवती सड़क के नीचे बने एक कलवर्ट में छिप गई और पूरी रात वहीं डरी-सहमी बैठी रही।
युवती ने बताया कि रातभर जंगल में हर आहट पर उसका दिल जोर-जोर से धड़कने लगता था। उसे जंगली जानवरों का भी डर था, लेकिन उस समय उसके लिए सबसे जरूरी आरोपी से बचना था। डर और ठंड के बीच उसने किसी तरह पूरी रात गुजारी। सुबह उजाला होने पर युवती हिम्मत जुटाकर सड़क की ओर निकली और बल्दियाखान क्षेत्र में एक महिला से मदद मांगी। महिला को पूरी घटना बताने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी टैक्सी चालक दीपक बोरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़िता को आवश्यक मदद उपलब्ध कराई जा रही है।


