दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े शहजाद भट्टी मॉड्यूल के 9 गुर्गों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कई बड़े खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार, मॉड्यूल का निशाना दिल्ली का एक ऐतिहासिक मंदिर था। आरोपियों में से एक ने मंदिर की रेकी की थी और वहां तैनात पुलिसकर्मियों व अर्धसैनिक बलों पर गोलीबारी की योजना बनाई गई थी। मंदिर की तस्वीरें और अन्य जानकारियां पाकिस्तान में बैठे सोशल मीडिया हैंडलर्स को भेजी गई थीं।
जांच में यह भी सामने आया है कि दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक प्रसिद्ध ढाबे पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने की साजिश रची गई थी। इस ढाबे पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। इसके अलावा हिसार के एक सैन्य कैंप की रेकी कर वीडियो पाकिस्तान भेजे गए थे। मॉड्यूल के निशाने पर उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस स्टेशन और वहां तैनात पुलिसकर्मी भी थे।
यह कार्रवाई गुरुवार को चलाए गए ‘Gang Bust 2.0’ ऑपरेशन के तहत की गई। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 12 से अधिक आपराधिक गिरोहों के कुल 1014 ठिकानों पर छापेमारी की गई। 48 घंटे तक चले इस अभियान में 481 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 130 पिस्टल, 214 कारतूस, 79 चाकू, करीब 19 किलो अवैध ड्रग्स, 1234 क्वार्टर अवैध शराब, 24 वाहन और लगभग 19 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल मामले की आगे जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहजाद भट्टी मॉड्यूल और ISI से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क की पहचान की जा रही है, ताकि किसी भी बड़ी सुरक्षा घटना को समय रहते रोका जा सके।


