तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेजी से बढ़ गई हैं। तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख और अभिनेता विजय ने शुक्रवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने समर्थक विधायकों की सूची और समर्थन पत्र सौंपते हुए सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल ने विजय को सरकार गठन के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।
सूत्रों के मुताबिक, विजय शनिवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। राजभवन में हुई यह मुलाकात काफी संक्षिप्त लेकिन राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है।
कांग्रेस और वाम दलों के समर्थन से बढ़ी ताकत
सरकार गठन की दिशा में विजय को कांग्रेस और वामपंथी दलों का समर्थन मिलने से बड़ा फायदा हुआ है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), माकपा (CPI-M) और वीसीके ने टीवीके को समर्थन देने की घोषणा की है। वहीं कांग्रेस ने भी अपने पांच विधायकों का समर्थन विजय के नेतृत्व वाली पार्टी को दे दिया है। बताया जा रहा है कि माकपा ने आधिकारिक पत्र जारी कर टीवीके सरकार को समर्थन देने की पुष्टि की, जबकि CPI ने “धर्मनिरपेक्ष और स्थिर शासन” के नाम पर सहयोग का भरोसा दिया है।
बहुमत के आंकड़े तक पहुंची TVK
हालिया विधानसभा चुनाव में टीवीके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी और राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है। सहयोगी दलों और समर्थक विधायकों को जोड़ने के बाद विजय के पक्ष में कुल 118 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह समर्थन विजय के लिए सरकार गठन का रास्ता लगभग साफ कर चुका है।
विजय को छोड़नी होगी एक सीट
टीवीके प्रमुख विजय ने इस चुनाव में चेन्नई की पेरांबूर सीट और तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से जीत हासिल की है। चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, किसी भी उम्मीदवार को एक ही सीट बरकरार रखने की अनुमति होती है। ऐसे में विजय को जल्द ही एक विधानसभा सीट से इस्तीफा देना होगा। तमिलनाडु की राजनीति में विजय की एंट्री को पहले ही बड़ा बदलाव माना जा रहा था और अब सरकार गठन के साथ उनका राजनीतिक सफर एक नए चरण में प्रवेश करने जा रहा है।


