दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता मंगलवार को असम के गुवाहाटी में नवनिर्वाचित भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ लेने पर डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक जनादेश डॉ. सरमा के नेतृत्व, जनसेवा के प्रति समर्पण और असम की जनता के उनके प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में असम ने विकास, सुशासन, इन्फ्रास्ट्रक्चर, निवेश, सांस्कृतिक संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम ने पूर्वोत्तर भारत के विकास मॉडल के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित की है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के पूर्वोत्तर राज्यों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य हुआ है। आज असम तेज गति से इन्फ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। साथ ही, देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री के रूप में दोबारा शपथ ले रहे भाजपा नेता हिमंता बिस्वा सरमा की यह लगातार दूसरी पारी उनके परिश्रम, जनसेवा के प्रति समर्पण और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। जनता ने विकास, स्थिरता और राष्ट्रहित की राजनीति को अपना समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास, सांस्कृतिक गौरव और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत और विकसित असम की यात्रा आने वाले समय में और अधिक गति प्राप्त करेगी तथा असम नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
मुख्यमंत्री ने मां कामाख्या व अन्य मंदिरों में की पूजा-अर्चना
असम प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुवाहाटी स्थित सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कामाख्या देवी, मां बगलामुखी देवी और भगवान शिव के प्रसिद्ध उमानंद मंदिर में दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने इन मंदिरों में शीश नवाया और देश की सुख-समृद्धि, चहुंमुखी विकास और जन-कल्याण की मंगल कामना की। मंदिर परिसर पहुंचने पर मंदिर प्रशासन और स्थानीय नागरिकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया गया। पूजा के उपरांत मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी पांच वर्षों में असम, सांस्कृतिक गौरव और आधुनिक प्रगति का उत्कृष्ट समन्वय प्रस्तुत करेगा।
असम विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की लगातार तीसरी ऐतिहासिक जीत पर आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विजय मां की असीम अनुकंपा और असम की देवतुल्य जनता के अटूट विश्वास का प्रतिफल है। असम की जनता ने विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति को चुनकर यह स्पष्ट कर दिया है कि वे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ मजबूती से खड़े हैं।


