त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोचों में रविवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा कोटा रेल मंडल के लूणीरिछा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। आग लगने के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया और कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन रतलाम से रवाना होने के बाद सुबह करीब 5:20 बजे बी-1 कोच में आग लग गई। गार्ड ने तत्काल लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। आग तेजी से फैलने के कारण दो कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य कोचों में शिफ्ट किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि रतलाम कंट्रोल को कोटा कंट्रोल से सुबह 5:20 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और टावर वैगन को तुरंत रवाना किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्वनी कुमार भी मौके पर पहुंचे। जिला प्रशासन और पुलिस बल की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। फिलहाल आग बुझा दी गई है और रेलवे प्रशासन घटना के कारणों की जांच कर रहा है।


