पंजाब में कपूरथला में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सोमवार को सुल्तानपुर लोधी उपमंडल के गांव टोटी और लतियां में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में लाहन और अवैध शराब बरामद की।
आबकारी विभाग की टीम ने गांव टोटी में एक सुनसान स्थान पर रखे ड्रमों से करीब 2000 लीटर लाहन तथा 20 लीटर अवैध शराब बरामद की। विभागीय अधिकारियों ने नियमानुसार मौके पर ही लाहन और शराब को नष्ट कर दिया। इसी तरह गांव लतियां में की गई छापेमारी के दौरान 50 लीटर अवैध शराब लावारिस हालत में बरामद हुई। विभाग ने इस शराब को भी तुरंत मौके पर नष्ट कर दिया ताकि इसके वितरण और सेवन को रोका जा सके।
आबकारी अधिकारी सुखजीत सिंह चहल ने बताया कि यह कार्रवाई सुल्तानपुर सर्कल के आबकारी निरीक्षक जितेंद्रपाल सिंह, आबकारी पुलिस कर्मियों तथा सुल्तानपुर लोधी पुलिस के सहयोग से की गई। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चहल ने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आबकारी विभाग क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि अवैध शराब संबंधी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग या पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


