Wednesday, November 18, 2026
Google search engine
HomeदेशQS वर्ल्ड रैंकिंग 2027: IIT दिल्ली बना देश में नंबर-1, दुनिया के...

QS वर्ल्ड रैंकिंग 2027: IIT दिल्ली बना देश में नंबर-1, दुनिया के टॉप संस्थानों में भारत की 52 यूनिवर्सिटी

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) दिल्ली ने एक बार फिर देश के शीर्ष शिक्षण एवं शोध संस्थान के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है। 18 जून को जारी क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में IIT दिल्ली ने पांच स्थानों की छलांग लगाते हुए वैश्विक स्तर पर 118वीं रैंक हासिल की है। इसके साथ ही संस्थान ने किसी भारतीय विश्वविद्यालय द्वारा अब तक प्राप्त सर्वोच्च वैश्विक रैंक की बराबरी कर ली है।

IIT दिल्ली ने पिछले वर्ष की 123वीं रैंक से सुधार करते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं, क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2024 में संस्थान 197वें स्थान पर था। लगातार तीन वर्षों में हुए इस उल्लेखनीय सुधार ने भारतीय उच्च शिक्षा की वैश्विक पहचान को और मजबूत किया है।

रैंकिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए IIT दिल्ली के डीन (प्लानिंग एंड रैंकिंग सेल) प्रो. सोमनाथ बैद्य रॉय ने कहा कि संस्थान विश्वस्तरीय और किफायती तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ वैश्विक शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों के लिए पसंदीदा केंद्र बनने के लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नया पाठ्यक्रम, आधुनिक बुनियादी ढांचा और बढ़ता अंतरराष्ट्रीय सहयोग आने वाले वर्षों में संस्थान की गुणवत्ता और प्रभाव को और बढ़ाएगा।

भारत बना दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा उच्च शिक्षा प्रतिनिधि

क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में भारत की 52 विश्वविद्यालयों को स्थान मिला है। इसके साथ ही भारत दुनिया का पांचवां सबसे अधिक प्रतिनिधित्व वाला उच्च शिक्षा तंत्र बन गया है। IIT दिल्ली के बाद भारतीय संस्थानों में IIT बॉम्बे 134वें स्थान पर रहा। इसके बाद IIT मद्रास 170वें, IIT खड़गपुर 205वें और IIT कानपुर 221वें स्थान पर रहे।

दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने भी अपनी स्थिति में सुधार करते हुए 328वीं रैंक से 322वीं रैंक हासिल की। वहीं, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) 558वें स्थान से सुधरकर 555वें स्थान पर पहुंच गया और भारतीय संस्थानों में 15वां स्थान प्राप्त किया।

जामिया मिलिया इस्लामिया ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 761-770 रैंक बैंड से छलांग लगाकर 686वीं वैश्विक रैंक हासिल की। भारतीय संस्थानों में जामिया को 20वां स्थान मिला है।

18 भारतीय विश्वविद्यालयों ने हासिल की सर्वश्रेष्ठ रैंक

इस वर्ष जामिया मिलिया इस्लामिया, JNU, BITS पिलानी, VIT, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय और शूलिनी विश्वविद्यालय सहित कुल 18 भारतीय विश्वविद्यालयों ने अपनी अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग हासिल की है।

दुनिया की शीर्ष 10 यूनिवर्सिटीज

1. MIT (अमेरिका)
2. स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी (अमेरिका)
3. इंपीरियल कॉलेज लंदन (यूके)
4. ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी (यूके)
5. हार्वर्ड यूनिवर्सिटी (अमेरिका)
6. कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी (यूके)
7. कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (अमेरिका)
8. यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन (यूके)
9. ETH ज्यूरिख (स्विट्जरलैंड)
10. नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर (सिंगापुर)

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments