पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने संयुक्त अभियान के दौरान भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट बड़ी सफलता हासिल करते हुए एके-47 राइफल समेत 26 अत्याधुनिक हथियार बरामद किये हैं। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर सीमा पार से भेजी गयी हथियारों की खेप को आगे पहुंचाने का काम कर रहा था।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन खोसला के रूप में हुई है, जो अमृतसर के रूपनगर कॉलोनी का निवासी है। उसे भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट गिरफ्तार किया गया। बरामद हथियारों में एक एके-47 राइफल और 25 पिस्तौल शामिल हैं। इनमें 14 नौ एमएम तथा 11 .30 बोर पिस्तौलें हैं, जो नोरिन्को स्टार मार्क, ग्लॉक, जिगाना, टॉरस और वाल्थर जैसी कंपनियों की बतायी जा रही हैं। इसके अलावा 368 जिंदा कारतूस और 48 मैगजीन भी बरामद की गयी हैं। पुलिस ने हथियारों के साथ एक अमेरिकी निर्मित बुलेटप्रूफ जैकेट भी जब्त की है। साथ ही आरोपी की कार को भी कब्जे में लिया गया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर हथियारों की तस्करी के लिए किया जा रहा था।
यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑस्ट्रेलिया में बैठे एक सहयोगी के निर्देश पर काम कर रहा था। कथित तौर पर सोशल मीडिया एप्लिकेशन के माध्यम से उसे हथियारों की खेप गिराये जाने का स्थान भेजा गया था। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि इस नेटवर्क के सभी संपर्कों का पता लगाया जा सके, इसमें शामिल अन्य आरोपियों की पहचान हो सके तथा पूरे सीमा-पार हथियार तस्करी और आतंकवादी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।
मामले की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि बीएसएफ से सूचना मिली थी कि सीमा चौकी शाहपुर क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप गिरायी गयी है।
सूचना के आधार पर स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रोहन खोसला को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी की कार की तलाशी के दौरान 25 पिस्तौल, एक एके-47 राइफल, बड़ी मात्रा में कारतूस, मैगजीन और एक बुलेटप्रूफ जैकेट बरामद की गयी। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी स्थानीय कड़ी के रूप में काम कर रहा था और उसे यह खेप आगे अन्य लोगों तक पहुंचानी थी।
इस संबंध में थाना एसएसओसी अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा भारतीय वायुयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई सीमा पार से हथियारों की तस्करी और संभावित आतंकवादी करतूतों पर बड़ा प्रहार है तथा पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।


