Friday, August 28, 2026
Google search engine
Homedelhiहरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी गोगी गैंग ने ली,...

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी गोगी गैंग ने ली, जिम के बाहर की थी 20 राउंड फायरिंग

हरियाणवी सिंगर-कलाकार अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोगी गैंग के शूटर भोलू शाहपुरिया ने लेने का दावा किया है। सोनीपत निवासी भोलू ने गुरुवार सुबह इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर हत्या की जिम्मेदारी ली और साथ में ‘वेट एंड वॉच’ लिखा। हालांकि, पुलिस ने सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

अंकित बालियान की बुधवार शाम शामली शहर के आर्यपुरी इलाके में नाला पटरी मार्ग स्थित जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बाइक सवार चार बदमाशों ने करीब दो मिनट तक ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

बाबरी थाना क्षेत्र के बंतीखेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय अंकित बालियान पुत्र सत्यवीर फौजी बुधवार दोपहर करीब साढ़े चार बजे आर्यपुरी स्थित मसल्स जिम पहुंचे थे। शाम करीब 6:48 बजे वह जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार चार बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं।

करीब दो मिनट तक हुई फायरिंग में लगभग 20 राउंड गोलियां चलाए जाने की बात सामने आई है। इनमें करीब आठ गोलियां अंकित को लगीं, जबकि पांच गोलियां उनकी स्कॉर्पियो में लगीं। हमलावर वारदात के बाद करीब 200 मीटर तक फायरिंग करते हुए पैदल फरार हो गए।

फायरिंग के बाद अंकित का शव नाली के पास सड़क पर पड़ा मिला। घटनास्थल से खून, कारतूस के खोखे और अंकित का मोबाइल फोन बरामद हुआ। जिम के अंदर उस समय एक पुलिसकर्मी समेत कुछ लोग मौजूद थे। उन्होंने लोगों की मदद से अंकित को उसकी ही गाड़ी में सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर के पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या से पहले अंकित ने सोशल मीडिया पर कुछ स्टेटस साझा किए थे। इनमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का एक गाना भी शामिल था। हत्या के बाद गोगी गैंग के कथित शूटर भोलू शाहपुरिया की ओर से इंस्टाग्राम पर जिम्मेदारी लेने का दावा किए जाने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

हत्या की खबर से आक्रोशित परिजनों ने देर रात वर्मा मार्केट के पास शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। जाम के चलते पुलिस को यातायात का रूट डायवर्ट करना पड़ा।

पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे चुनावी रंजिश, हरियाणा की म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और वारदात के पूरे घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।

Partners: https://fr-uniquecasino.com/ nine casino amunra unique casino f1 casino lemon casino https://lemoncasinode.com/ https://lemoncasino77.com/ librabet amunra
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments