केंद्र सरकार ने त्योहारी सीजन के दौरान आम जनता और व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए 15 अक्टूबर से लागू होने वाले यूपीआई मर्चेंट डिस्काउंट रेट (UPI MDR) के फैसले को फिलहाल टाल दिया है। सरकार के नए फैसले के अनुसार, अब कुछ चुनिंदा यूपीआई लेन-देन पर दो दिन बाद से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं वसूला जाएगा। इसे दिवाली के बाद की किसी तारीख तक स्थगित कर दिया गया है, जिसकी नई तारीख की घोषणा जल्द ही अलग से की जाएगी।
2000 रुपये से अधिक के लेन-देन पर लगना था 0.40% चार्ज
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 2,000 रुपये से अधिक मूल्य के यूपीआई लेन-देन पर 0.40% का मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) तय किया था, जिसे 15 अक्टूबर से देशभर में प्रभावी किया जाना था। इस फैसले से त्योहारी सीजन की खरीदारी के दौरान डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, त्योहारी खरीदारी को बढ़ावा देने और डिजिटल पेमेंट की रफ्तार को बनाए रखने के लिए सरकार ने अंतिम समय में इस पर रोक लगाने का निर्णय लिया।
स्टीयरिंग कमेटी का फैसला: दिवाली बाद घोषित होगी नई तारीख
यूपीआई एंड सर्विसेज स्टीयरिंग कमेटी ने आज आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में यह फैसला लिया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए चुनिंदा पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) यूपीआई लेन-देन पर MDR को तुरंत प्रभाव से लागू नहीं किया जाएगा। कमेटी ने स्पष्ट किया कि दिवाली के बाद बाजार की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और उसके बाद ही इसे लागू करने की नई तारीख के संबंध में अलग से आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।


