Saturday, November 28, 2026
Google search engine
Homeमनोरंजनबम धमाकों की धमकियों पर दिलजीत की खुली चेतावनी, कहा- बेशक बम...

बम धमाकों की धमकियों पर दिलजीत की खुली चेतावनी, कहा- बेशक बम फेंक दो पर मेरी तरफ से आपको प्यार मिलेगा

लगातार मिल रही बम धमकियों के बावजूद पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने गुरुवार (27 नवंबर) को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में शानदार कॉन्सर्ट किया। इस दौरान उन्होंने धमकी देने वालों को अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि उनका मकसद लोगों को डराकर कॉन्सर्ट में आने से रोकना है, लेकिन डर से उनका हौसला कम नहीं होगा।

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने कहा, “कहते हैं दिलजीत को बम से उड़ा देंगे, वाह! इनका मकसद सिर्फ यही है कि दिलजीत के शो में लोग न आएं। लोगों को डरा दिया जाए, धमका दिया जाए और किसी भी तरह कार्यक्रम को रोक दिया जाए।”

उन्होंने आगे कहा, “शहरों में तो बारूदों का मौसम है, गांव चलो, ये अमरूदों का मौसम है। मेरी तरफ से आपको प्यार है। आप बेशक बम फेंको, मेरी तरफ से फिर भी आपको प्यार है। मैं जो गाने गाता हूं, वे गांव से जुड़े हैं और मैं खुद भी गांव से हूं। मेरा गाना आपको समझ न आए, लेकिन मिट्टी की खुशबू जरूर आएगी।”

दिलजीत ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुंबई पुलिस का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि जितने लोग कॉन्सर्ट में मौजूद हैं, उतने ही लोग बाहर भी फंसे हुए हैं। पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सभी की जांच कर उन्हें अंदर भेज रही है।

अब तक पांच बार मिल चुकी हैं बम से उड़ाने की धमकियां

दिलजीत इन दिनों अपने इंडिया ऑरा टूर 2026 के तहत देश के अलग-अलग शहरों में कार्यक्रम कर रहे हैं। इस दौरान उनके कॉन्सर्ट को निशाना बनाकर अब तक पांच बार बम धमाके की धमकियां मिल चुकी हैं। मुंबई में कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले, 26 नवंबर को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को भी धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें बीएमसी मुख्यालय स्थित मेयर कार्यालय, मुंबई मेट्रो नेटवर्क, अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा और दिलजीत के कॉन्सर्ट सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई थी।

इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई नगर निगम कार्यालय को भेजे गए एक ईमेल में 27 नवंबर के कॉन्सर्ट में आत्मघाती हमले की धमकी दी गई थी। इसमें अमिताभ बच्चन के घर को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। ईमेल में खालिस्तान से जुड़े संगठनों का भी उल्लेख किया गया था।

सान्या मल्होत्रा ने भी कॉन्सर्ट में लगाए ठुमके

दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट में बॉलीवुड अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा भी पहुंचीं। गायक ने उन्हें मंच पर आमंत्रित किया, जहां दोनों ने साथ में डांस किया। इसके बाद दिलजीत ने अभिनेत्री को एक तोहफा भी दिया। इस खास पल का वीडियो उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया।

मनसे ने की थी कार्यक्रम रद्द करने की मांग

कॉन्सर्ट से कुछ घंटे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले कार्यक्रम को रद्द करने की मांग उठाई थी। पार्टी का आरोप था कि महालक्ष्मी रेसकोर्स और एनएससीआई डोम में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में नशीले पदार्थों का इस्तेमाल और बिक्री होती है। मनसे ने मांग पूरी नहीं होने पर स्थानीय लोगों के साथ रास्ता रोको आंदोलन करने की चेतावनी भी दी थी। हालांकि, विरोध के बावजूद कार्यक्रम आयोजित हुआ और इसमें हजारों प्रशंसक शामिल हुए।

बुकमायशो ने जारी की थी सख्त गाइडलाइन

कार्यक्रम से पहले टिकटिंग प्लेटफॉर्म बुकमायशो ने दर्शकों के लिए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके तहत झंडे, बैनर, पोस्टर और हाथ से बनाए गए साइन ले जाने पर रोक लगाई गई थी। इसके अलावा चाकू, ब्लेड, छाता, पानी की बोतल, बड़े बैग, लैपटॉप और टैबलेट जैसे सामान भी प्रतिबंधित किए गए थे।

बेंगलुरु कॉन्सर्ट को लेकर भी धमकी

मुंबई के बाद दिलजीत का अगला कार्यक्रम 29 नवंबर को बेंगलुरु के एनआईसीई ग्राउंड्स में निर्धारित है। इस कार्यक्रम को लेकर भी बम धमाके की धमकी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को हुबली-धारवाड़ नगर निगम आयुक्त को एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। ईमेल में लोगों को बच्चों को कार्यक्रम में नहीं लाने और मेट्रो से यात्रा नहीं करने की सलाह भी दी गई थी।

इस मामले में बेंगलुरु पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments