Saturday, November 28, 2026
Google search engine
Homeदेशवंदे भारत ट्रेन के खाने में मिला लोहे का बड़ा बोल्ट, यात्री...

वंदे भारत ट्रेन के खाने में मिला लोहे का बड़ा बोल्ट, यात्री की शिकायत पर IRCTC ने दिया ये जवाब

वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बेंगलुरु से बेलगावी जा रहे एक यात्री को ट्रेन में परोसे गए वड़े में लोहे का बड़ा बोल्ट मिला। यात्री ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी से शिकायत की। मामला सामने आने के बाद आईआरसीटीसी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित सेवा प्रदाता के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार, समर्थ कोडियाल नाम का यात्री वंदे भारत एक्सप्रेस से बेंगलुरु से बेलगावी की यात्रा कर रहा था। इस दौरान उसे ट्रेन में खाने के लिए वड़ा परोसा गया। वड़ा खाते समय अचानक उसके दांतों के बीच कोई कठोर चीज आ गई। जब उसने खाने की जांच की तो उसमें लोहे का एक बड़ा बोल्ट मिला। खाने में इस तरह की खतरनाक वस्तु देखकर यात्री हैरान रह गया।

इसके बाद यात्री ने वड़े और उसमें मिले बोल्ट का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारतीय रेलवे तथा आईआरसीटीसी को टैग किया। उसने खाने की गुणवत्ता में हुई इस गंभीर लापरवाही पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यात्री का कहना था कि यदि गलती से यह बोल्ट निगल लिया जाता तो गंभीर हादसा हो सकता था।

IRCTC ने सेवा प्रदाता के खिलाफ की कार्रवाई

यात्री की शिकायत पर आईआरसीटीसी ने जवाब देते हुए घटना पर खेद जताया। आईआरसीटीसी ने कहा कि यात्री को हुई असुविधा के लिए उसे बेहद अफसोस है। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सेवा प्रदाता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। साथ ही किचन यूनिट के कर्मचारियों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

आईआरसीटीसी ने संबंधित अधिकारियों को किचन का गहन निरीक्षण करने और खाना तैयार करने से पहले सभी उपकरणों की अच्छी तरह जांच सुनिश्चित करने को भी कहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

रेलवे के खाने की गुणवत्ता पर फिर उठे सवाल

गौरतलब है कि भारतीय रेलवे में यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं। कभी खाने में कीड़े और मक्खियां मिलने तो कभी भोजन की खराब गुणवत्ता को लेकर यात्रियों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई है। अब वंदे भारत जैसी आधुनिक और प्रीमियम ट्रेन में खाने के अंदर लोहे का बड़ा बोल्ट मिलने की घटना ने खानपान व्यवस्था और गुणवत्ता जांच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments