Saturday, November 28, 2026
Google search engine
HomeदेशBisleri की बढ़ी मुश्किलें, FSSAI के टेस्ट में फिर फेल हुआ पानी...

Bisleri की बढ़ी मुश्किलें, FSSAI के टेस्ट में फिर फेल हुआ पानी का सैंपल; कंपनी पर केस चलाने की मिली मंजूरी

देश की अग्रणी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण यानी एफएसएसएआई ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने को गुणवत्ता मानकों पर फेल कर दिया है। इस गंभीर लापरवाही के बाद खाद्य नियामक ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है, जिससे बोतलबंद पानी के बाजार में हड़कंप मच गया है।

गोवा के बाद दूसरी बड़ी कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, एफएसएसएआई की टीम ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाला से बिसलेरी के पानी का सैंपल एकत्र किया था। जांच के दौरान पानी में खतरनाक कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पॉजिटिव पाया गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, पानी में इस तरह का बैक्टीरिया आमतौर पर सीवेज लीक या क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों के जरिए पहुंचता है, जो सेहत के लिए बेहद हानिकारक साबित हो सकता है। कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की पुष्टि प्राइमरी और रेफरल दोनों ही प्रयोगशालाओं में हुई है, जिसके बाद एफएसएसएआई ने तत्काल प्रभाव से बिसलेरी के बैच नंबर पीबी 201 की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। गौरतलब है कि यह दूसरी बार है जब नियामक ने बिसलेरी के खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई की है। इससे ठीक पहले बीते रविवार को भी एफएसएसएआई ने कंपनी के गोवा प्लांट से लिए गए सैंपल के मानकों पर खरा न उतरने के बाद इसी तरह का कड़ा कदम उठाया था।

देशभर में बोतलबंद पानी की होगी जांच

बिसलेरी के सैंपल फेल होने के मामले के बीच एफएसएसएआई ने अब देश भर में बिकने वाले बोतलबंद पेयजल की गुणवत्ता परखने के लिए व्यापक अभियान छेड़ दिया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी यानी सीईओ रजित पुनहानी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि देश भर से बोतलबंद पानी के नमूने एकत्र किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का भौगोलिक क्षेत्र काफी बड़ा होने के कारण इस पूरी जांच प्रक्रिया के नतीजे आने में कम से कम एक से दो महीने का समय लग सकता है। पुनहानी ने आम लोगों से शांत रहने की अपील करते हुए कहा कि इस जांच और कार्रवाई का उद्देश्य केवल खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना है, न कि जनता के बीच घबराहट पैदा करना। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान एफएसएसएआई ने दूध और डेयरी उत्पादों, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक्स और मीठे पेय पदार्थों सहित कई खाद्य वस्तुओं की गहन जांच कर उन पर कार्रवाई की है और बोतलबंद पानी की जांच भी इसी नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments