Tuesday, November 10, 2026
Google search engine
Homeदेशसुप्रीम कोर्ट ने मंजूर की राहुल गांधी की याचिका, मुख्य चुनाव आयुक्त...

सुप्रीम कोर्ट ने मंजूर की राहुल गांधी की याचिका, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मांगा जवाब

देशव्यापी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे जाने के विवाद में सुप्रीम कोर्ट से विपक्षी INDIA गठबंधन को बड़ी कानूनी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष के शीर्ष नेताओं की संयुक्त याचिका पर संज्ञान लेते हुए भारत निर्वाचन आयोग (ECI) को औपचारिक नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। इस याचिका में चुनाव आयोग द्वारा चलाई जा रही SIR प्रक्रिया की निष्पक्षता, कानूनी वैधता और बिना उचित सुनवाई के वोटरों के नाम हटाए जाने को सीधे चुनौती दी गई है।

राहुल गांधी, खरगे और अखिलेश समेत विपक्ष के शीर्ष दिग्गज बने सह-याचिकाकर्ता
सुप्रीम कोर्ट में दायर इस संयुक्त याचिका में विपक्ष की मजबूत एकजुटता देखने को मिली है। याचिकाकर्ताओं में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस सांसद सौगत रॉय, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव, राकांपा (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत और भाकपा महासचिव डी. राजा सहित अन्य प्रमुख विपक्षी नेता शामिल हैं।

SIR प्रक्रिया और वोटर्स के नाम काटे जाने पर उठाए गंभीर सवाल
विपक्षी दलों ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि देश के कई राज्यों में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान कानूनी प्रावधानों और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों की अनदेखी की जा रही है। याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि किसी भी वैध नागरिक का नाम बिना लिखित नोटिस दिए और बिना उसकी बात सुने मतदाता सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि आयोग हटाए गए नामों की बूथ-वार सूची और उसके ठोस कारण सार्वजनिक करे। विपक्ष ने ईआरओ-नेट (ERONET) और ईसीआई-नेट (ECINET) जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के डेटाबेस की स्वतंत्र ऑडिट कराने तथा फॉर्म-6 में किए गए बदलावों की संवैधानिक समीक्षा करने की भी गुहार लगाई है।

सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की निगरानी में जांच की मांग
याचिकाकर्ताओं ने अदालत से यह भी अपील की है कि पूरे मामले और मतदाता सूचियों में किए गए संशोधनों की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र तकनीकी समिति का गठन किया जाए। साथ ही, जब तक इस याचिका पर अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। सुप्रीम कोर्ट द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद अब इस पूरे मामले पर चुनाव आयोग को अदालत के समक्ष अपना विस्तृत जवाब दाखिल करना होगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments