Wednesday, October 28, 2026
Google search engine
Homeताजा खबरपैरोल खत्म होने पर भी जेल में नहीं पहुंचा आसाराम, मंगलवार शाम...

पैरोल खत्म होने पर भी जेल में नहीं पहुंचा आसाराम, मंगलवार शाम 5 बजे सरेंडर करना था; केस दर्ज

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहे आसाराम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 20 दिन की मेडिकल पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद निर्धारित समय पर जोधपुर सेंट्रल जेल में पेश नहीं होने के मामले में जेल प्रहरी बनवारी लाल ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रातानाडा थाने में कारागार अधिनियम की धारा 58(ख) के तहत मंगलवार देर रात मामला दर्ज किया गया।

आसाराम को राजस्थान हाईकोर्ट ने 6 अक्टूबर को 20 दिन की पैरोल दी थी, जिसकी अवधि 26 अक्टूबर को समाप्त हो गई। पैरोल की अवधि बढ़ाने के लिए आसाराम ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, लेकिन शीर्ष अदालत ने मेडिकल आधार पर राहत देने से इनकार कर दिया। साथ ही उन्हें मंगलवार शाम 5 बजे तक जोधपुर सेंट्रल जेल में सरेंडर करने का निर्देश दिया था।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आसाराम एयर एंबुलेंस से उज्जैन से जोधपुर पहुंचे। हालांकि, वह निर्धारित समय तक जेल में सरेंडर नहीं कर सके। रात करीब 10:40 बजे जब वह जोधपुर सेंट्रल जेल पहुंचे, तो जेल अधीक्षक प्रमोद सिंह ने रात के समय बंदियों को प्रवेश नहीं देने के नियम का हवाला देते हुए उन्हें वापस भेज दिया।

इसके बाद आसाराम भगत की कोठी स्थित आरोग्यम अस्पताल चले गए। अब उनके बुधवार को जेल में सरेंडर करने की संभावना जताई जा रही है। निर्धारित समय पर जेल नहीं पहुंचने को लेकर जेल प्रहरी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

आसाराम की पैरोल बढ़ाने संबंधी याचिका पर सुनवाई के दौरान उनके वकील ने दलील दी थी कि उनका इलाज अभी जारी है। वकील के मुताबिक, आसाराम मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित सरकारी धन्वंतरि आयुर्वेदिक अस्पताल में भर्ती थे और इसी आधार पर मेडिकल पैरोल की अवधि बढ़ाने की मांग की गई थी।

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पैरोल बढ़ाने से इनकार कर दिया। अदालत ने राजस्थान सरकार को आसाराम की स्वास्थ्य स्थिति का ध्यान रखने के लिए भी कहा। अब पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद जेल में समय पर पेश नहीं होने को लेकर दर्ज रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments