Wednesday, November 11, 2026
Google search engine
Homepunjabजनवरी के पहले हफ्ते में पंजाब चुनाव की हो सकती है घोषणा,...

जनवरी के पहले हफ्ते में पंजाब चुनाव की हो सकती है घोषणा, इसी महीने आएगी चुनाव आयुक्तों की टीम

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग ने भी चुनावी तैयारियों को लेकर अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त नवंबर के अंतिम सप्ताह में पंजाब का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान आयोग की टीम राज्य में चुनावी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक इंतजामों का जायजा लेगी।

जानकारी के अनुसार, दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक देश के सभी पांच चुनावी राज्यों की समीक्षा पूरी करने के बाद चुनाव आयोग जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में पंजाब सहित अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इस लिहाज से पंजाब में फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च के शुरुआती दिनों में मतदान होने की संभावना जताई जा रही है।

16 मार्च 2027 तक है मौजूदा सरकार का कार्यकाल

पंजाब में मौजूदा सरकार और मुख्यमंत्री का कार्यकाल 16 मार्च 2027 तक है। ऐसे में चुनाव आयोग को इससे पहले विधानसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न करवानी होगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी और राजनीतिक दलों की चुनावी गतिविधियां तेज हो जाएंगी।

2022 में आयोग के दौरे के 24 दिन बाद लगी थी आचार संहिता

पिछले विधानसभा चुनाव के घटनाक्रम पर नजर डालें तो दिसंबर 2021 में चुनाव आयोग की टीम ने 15 और 16 दिसंबर को पंजाब का दौरा किया था। इसके करीब 24 दिन बाद 8 जनवरी 2022 को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो गई थी।

उस समय पंजाब में 20 फरवरी 2022 को मतदान हुआ था, जबकि 10 मार्च को चुनाव परिणाम घोषित किए गए थे।

अफसरों की टीमें पहले ही कर चुकी हैं दौरा

मुख्य चुनाव आयुक्त के प्रस्तावित दौरे से पहले आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीमें 27 और 28 अक्टूबर को पंजाब का दौरा कर चुकी हैं। इन टीमों ने राज्य में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने के साथ विभिन्न प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी पहलुओं का आकलन किया था। अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट चुनाव आयुक्त को सौंप दी है।

अब मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे और चुनाव आयोग की आगामी समीक्षा पर राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इसके बाद पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया और तेज हो जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments