Monday, November 16, 2026
Google search engine
Homeदेशकिसी के बाप का हिंदोस्तान थोड़ी है’, दिलजीत दोसांझ ने ‘जय श्री...

किसी के बाप का हिंदोस्तान थोड़ी है’, दिलजीत दोसांझ ने ‘जय श्री महाकाल’ बोलकर ली स्टेज पर एंट्री

पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने मध्य प्रदेश के इंदौर में अपने शानदार कॉन्सर्ट से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी का शेर पढ़कर फैंस में जोश भर दिया। दिलजीत ने मंच से कहा, “अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है… सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदोस्तान थोड़ी है।” उनके इस अंदाज पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। खास बात यह रही कि कार्यक्रम से पहले बम धमाके की धमकियां मिलने के बावजूद दिलजीत ने अपना शो किया और मंच से धमकी देने वालों को भी जवाब दिया।

45 फीट ऊंचे एलिवेटर से एंट्री, लगाए जय श्री महाकाल के जयकारे

दिलजीत दोसांझ ने इंदौर के कॉन्सर्ट में शानदार अंदाज में एंट्री की। वह करीब 45 फीट ऊंचे एलिवेटर के जरिए मंच पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारे लगाए। उनके इस अंदाज ने वहां मौजूद हजारों दर्शकों में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने लोकप्रिय गानों से दर्शकों का मनोरंजन किया और फैंस के साथ खूब मस्ती की।

धमकी देने वालों को मंच से दिया जवाब

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने कार्यक्रम को रोकने की कोशिश करने वालों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इंदौर आने और उनके कार्यक्रम को रोकने के लिए कई प्रयास किए गए, लेकिन कोई उन्हें यहां आने से नहीं रोक सका। दिलजीत ने कहा कि यह महाकाल की धरती है और यहां आने से हमें कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने आगे कहा कि हम पहले भी नहीं डरे थे और आज भी नहीं डरते। दिलजीत ने अपनी सफलता का श्रेय फैंस को देते हुए कहा कि उनकी ताकत और प्यार ही उन्हें यहां तक लेकर आया है।

कॉन्सर्ट से पहले मिले थे 9 धमकी भरे ई-मेल

दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले शहर के अलग-अलग संस्थानों को करीब 9 धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई थी। इन ई-मेल में कार्यक्रम के दौरान RDX से विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। आयोजन स्थल पर बम निरोधक दस्ते को तैनात किया गया था, जबकि ड्रोन के जरिए भी निगरानी रखी जा रही थी। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच कार्यक्रम संपन्न हुआ।

7 करोड़ रुपये से ज्यादा के टिकट बिकने का दावा

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। BookMyShow के मुताबिक, कार्यक्रम में 7 करोड़ रुपये से ज्यादा के टिकट बिकने का दावा किया गया। कॉन्सर्ट के टिकटों की शुरुआती कीमत 1,500 रुपये थी। वहीं, सबसे महंगी GOAT टेबल की कीमत 8 लाख रुपये और Born To Shine टेबल की कीमत 5 लाख रुपये रखी गई थी। इसके अलावा आयोजन से इंदौर नगर निगम को 60 लाख रुपये से अधिक टैक्स मिलने की जानकारी भी सामने आई।

चार गानों को लेकर पहले ही खड़ा हो चुका था विवाद

दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट से पहले उनके चार गानों को लेकर विवाद हुआ था। इनमें ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ शामिल हैं। चंडीगढ़ के सोशल एक्टिविस्ट और प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर ने इन गानों पर आपत्ति जताते हुए इनके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके बाद इंदौर के बाल संरक्षण आयोग की ओर से भी इन गानों को लेकर प्रतिबंध लगाए जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान दिलजीत ने इनमें से कुछ गाने भी प्रस्तुत किए।

21 नवंबर को अहमदाबाद में अगला शो, वहां भी शुरू हुआ विवाद

इंदौर के बाद दिलजीत दोसांझ का अगला कॉन्सर्ट 21 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में प्रस्तावित है। दिल्ली और भोपाल में कार्यक्रमों के बाद अहमदाबाद शो को लेकर भी विवाद शुरू हो गया है। जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) ने कार्यक्रम में बच्चों की एंट्री और गानों की सामग्री को लेकर चिंता जताई है।

इस संबंध में इकाई ने अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर कार्यक्रम में कुछ प्रतिबंध लगाने की मांग की है। बताया गया है कि यह कार्रवाई चंडीगढ़ निवासी प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर की गई है। ऐसे में अब अहमदाबाद में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर प्रशासन के अगले कदम पर नजर रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments