Saturday, November 21, 2026
Google search engine
Homeदेशमुंबई के पार्क में नाबालिगों ने कपल को पीटा, छेड़छाड़ का विरोध...

मुंबई के पार्क में नाबालिगों ने कपल को पीटा, छेड़छाड़ का विरोध करने पर भड़के, BJP नेता ने बता दिया ‘मुस्लिम गुंडई’

मुंबई के कुर्ला पश्चिम स्थित फीनिक्स मार्केटसिटी मॉल के पास प्रमोद महाजन उद्यान में एक युवक और युवती के साथ कथित तौर पर मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि 8 से 10 नाबालिग लड़कों के एक समूह ने पार्क में घूमने आए जोड़े को घेर लिया और उनके साथ बदसलूकी करने के बाद मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठ नाबालिगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसके अलावा पांच नाबालिगों के अभिभावकों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

विरोध करने पर जोड़े पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, युवक और युवती प्रमोद महाजन उद्यान में घूमने गए थे और वहां तस्वीरें खींच रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद नाबालिगों के समूह ने कथित तौर पर उन पर अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। जब जोड़े ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि लड़कों ने दोनों को घेरकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में एक युवक को चप्पल जैसी वस्तु से पीटते हुए और एक अन्य लड़के को युवती के सिर पर लकड़ी या डंडे से वार करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर लोगों में नाराजगी है।

किरीट सोमैया ने भी उठाया मामला

भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे मुस्लिम कट्टरपंथियों की गुंडागर्दी करार दिया और आरोप लगाया कि हिंदू युवक-युवती को निशाना बनाया गया। सोमैया के अनुसार, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत आठ नाबालिगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने यह भी बताया कि पांच बच्चों के अभिभावकों को नोटिस जारी किए गए हैं। सोमैया ने घटनास्थल का दौरा करने की भी घोषणा की।

किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश होंगे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल सभी आठ नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। उनके खिलाफ किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments