सिद्धू मूसेवाला की माता चरण कौर ने 58 वर्ष की उम्र में बेटे को जन्म दिया है। गायक शुभदीप सिंह की दो साल पहले हत्या के बाद परिवार में खुशी का मौका आया है।

दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता के घर रविवार को एक नन्हे मेहमान ने दस्तक दी। सिद्धू मूसेवाला के नाम से मशहूर शुभदीप सिंह सिद्धू की मां चरण कौर ने 58 साल की उम्र में रविवार सुबह बठिंडा के निजी अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया। मां बनने के लिए चरण कौर ने इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) तकनीक का सहारा लिया। यह खुशखबरी पिता बलकौर सिंह ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए प्रशंसकों को दी।शेयर की गई पोस्ट में बेटा उनकी गोद में है और
शुभदीप सिंह की फोटो उनके पास रखी है। पोस्ट शेयर करते ही सोशल मीडिया पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। करीब दो साल पहले प्रसिद्ध पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद उनके परिवार में खुशी आई है। बेटे के जन्म की खबर मिलते ही मूसेवाला गांव की महिलाओं व प्रशंसकों ने हवेली पर पहुंचकर खुशी मनाई और गिद्दा डाला। वहीं, मशहूर गायक गुरदास मान भी उन्हें बधाई देने पहुंचे।


