महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। कांग्रेस नेता विजय वाडेट्टीवार ने समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक पर दबाव बनाए जाने की बात कही है। उन्होंने दावा किया कि सपा विधायक अबू आजमी पर विवादित बयान देने का दबाव बनाया जा रहा है। जानिए क्या है पूरा मामला
कांग्रेस नेता वाडेट्टीवार ने कहा है कि सपा विधायक अबू आजमी पर विवादित बयान देने का दबाव है। महाराष्ट्र की महाविकास अघाड़ी (MVA) सरकार के कार्यकाल में मंत्री रहे वाडेट्टीवार ने दावा किया कि आजमी पर बहुत दबाव है। उन्हें विवादित टिप्पणी करने के लिए मजबूर किया जा रहा है ताकि हिंदू और मुसलमानों के बीच ध्रुवीकरण करने वाले भाषण दिए जा सकें। उन्होंने नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बयान दिया। हालांकि, कांग्रेस नेता ने अपने दावों के बारे में विस्तार से नहीं बताया। बता दें कि आजमी ने इस साल की शुरुआत में, मुगल बादशाह औरंगजेब की प्रशंसा करने वाली कथित टिप्पणी की थी। इससे उपजे विवाद के बाद उन्हें बजट सत्र के लिए महाराष्ट्र विधानसभा की सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था।
मुसलमानों ने कभी भी ‘वारी’ के बारे में शिकायत नहीं की
वाडेट्टीवार के बयान से पहले आजमी ने रविवार को कहा कि मुसलमानों ने कभी भी ‘वारी’ के बारे में शिकायत नहीं की है। बता दें कि भगवान विट्ठल के भक्तों की शोभायात्रा को वारी कहा जाता है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में विट्ठल भगवान के पंढरपुर मंदिर तक पैदयात्रा करते हैं। इसे लेकर खास बंदोबस्त किए गए हैं। सरकार ने भी कहा है कि इस साल खास बंदोबस्त किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। आजमी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उल्लेख कर कहा था कि उनके जैसे कुछ नेता सड़कों पर नमाज अदा किए जाने का विरोध करते रहते हैं।
वार्षिक यात्रा पर केंद्रीय मंत्री ने भी दिया है आश्वासन
बता दें कि केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बीते 17 जून को आश्वासन दिया था कि पुणे जिले से शुरू होने वाली वार्षिक ‘पालकी’ शोभा यात्रा के दौरान भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। देहू से बुधवार को और आलंदी से गुरुवार को इस शोभायात्रा की शुरुआत होगी। बता दें कि हर साल वारकरी संप्रदाय के श्रद्धालु संत तुकाराम और संत ज्ञानेश्वर की ‘पालकी’ शोभा यात्रा निकालते हैं। भगवान विट्ठल के भक्त पुणे के देहू और आलंदी से आषाढ़ी एकादशी से पहले पड़ोसी सोलापुर जिले के पंढरपुर में भगवान विट्ठल के मंदिर तक यात्रा निकालते हैं।


