साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि ये घटना छात्रा के साथ उसके कॉलेज कैंपस में ही हुआ है। इस मामले को लेकर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
जांच में पता चला है कि जिस छात्रा के साथ गैंगरेप हुआ है वह लॉ की पढ़ाई कर रही थी. पुलिस के अनुसार घटना 25 जून की है। कासबा पुलिस स्टेशन में पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई और उसी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में कॉलेज का एक पूर्व छात्र और स्टाफ सदस्य के अलावा वर्तमान में पढ़ने वाले छात्र भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पीड़िता का प्रारंभिक चिकित्सकीय परीक्षण करवाया गया, गवाहों के बयान दर्ज किए गए और घटनास्थल का दौरा किया गया। कॉलेज परिसर को फिलहाल सील कर दिया गया है ताकि फॉरेंसिक जांच की जा सके। तीन में से दो आरोपियों को तालबागान क्रॉसिंग के पास सिद्धार्थ शंकर सिशु रॉय उद्यान के सामने से गिरफ्तार किया गया, जबकि तीसरे आरोपी को उसके आवास से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं, ताकि डिजिटल सबूतों की जांच की जा सके।
बता दें कि पिछले साल भी आरजी कर मेडिकल कॉलेज में भी एक छात्रा के साथ रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया था। बाद में आरोपी संजय रॉय को सियालदह कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी।


