Thursday, November 5, 2026
Google search engine
Homeदेशत्रिकूट पर्वत पर टला बड़ा हादसा, मां वैष्णो देवी की कृपा से...

त्रिकूट पर्वत पर टला बड़ा हादसा, मां वैष्णो देवी की कृपा से भूस्खलन की चपेट में आने से बचे यात्री

श्री माता वैष्णो देवी के त्रिकूट पर्वत पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। भवन की ओर जाने वाले महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग पर हिमकोटी क्षेत्र के पास भूस्खलन हो गया, जिससे मार्ग पर बना एक टिन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि घटना के समय वहां से गुजर रहे श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को कोई चोट नहीं आई। श्राइन बोर्ड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मार्ग को साफ कर रविवार सुबह यात्रा के लिए फिर से खोल दिया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार देर रात करीब 12:00 बजे हुई, जब बैटरी कार मार्ग पर अचानक पहाड़ी से मलबा आ गिरा। उस समय मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी थी, लेकिन वे इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही श्राइन बोर्ड प्रशासन ने तुरंत इस मार्ग पर यात्रा रोक दी और मार्ग को दोनों तरफ से बंद कर दिया।

रात में ही जेसीबी मशीनों और श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों ने मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया। रविवार सुबह मार्ग का निरीक्षण करने के बाद, करीब 6:00 बजे इसे श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिया गया, जिसके बाद यात्रियों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

रविवार को दिनभर मां वैष्णो देवी के त्रिकूट पर्वत पर घने बादल छाए रहे, जिसके कारण कटड़ा से सांझीछत के बीच हेलीकॉप्टर सेवा पूरे दिन स्थगित रही। हालांकि, मौसम की परवाह न करते हुए श्रद्धालुओं का जोश बना रहा और वे पारंपरिक मार्गों से भवन की ओर बढ़ते रहे। घोड़ा, पिट्ठू, पालकी, बैटरी कार और रोपवे जैसी सभी अन्य सेवाएं सुचारु रूप से चलती रहीं।

श्राइन बोर्ड के अनुसार, बीते शनिवार (26 जुलाई) को 24,427 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई थी। वहीं, आज रविवार दोपहर 1:00 बजे तक करीब 13,400 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और यात्रा निर्बाध रूप से जारी है। मौसम विभाग ने यात्रा के दौरान बारिश की संभावना जताई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments