असम में आज नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह सुबह 11:40 बजे गुवाहाटी के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में होगा। हिमंता बिस्वा सरमा के साथ चार मंत्री भी शपथ लेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि उनके साथ रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में यह समारोह आयोजित होना राज्य के लिए गौरव की बात है।
अतुल बोरा, असम गण परिषद के अध्यक्ष हैं, जबकि चरण बोरो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट से विधायक हैं। दोनों नेता पूर्व एनडीए सरकार में मंत्री रह चुके हैं। अजंता नियोग भी पिछली सरकार में मंत्री थीं। वहीं, रामेश्वर तेली पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रहे हैं और 2026 के चुनाव में राज्य की राजनीति में वापसी की है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने यह भी घोषणा की कि विधायक रंजीत दास को असम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर एक मजबूत, विकसित और समृद्ध असम के निर्माण के लिए काम करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे। मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंता बिस्वा सरमा और अन्य बीजेपी नेताओं ने लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री आज एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे, जहां हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।
हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का असम में हार्दिक स्वागत है। उन्होंने कहा कि यह दौरा राज्य के इतिहास में महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि असम में लगातार तीसरी बार बीजेपी-एनडीए सरकार का गठन हो रहा है।
मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि समारोह में कई केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां, सत्राधिकार और बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता शामिल होंगे।


