पंजाब सरकार ने प्रदेश की महिलाओं की आर्थिक संपन्नता के लिए उठाया बड़ा कदम
मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए हैं। इन्हीं कदमों में सबसे बड़ा कदम है मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना। मुख्यमंत्री मावां धीयां सत्कार योजना के तहत जनरल वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपए और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपए सीधे उनके बैंक खातों में दिए जाएंगे।
योजना से 97 प्रतिशत से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना है, जो इसे देश की सबसे महिला-हितैषी सामाजिक सुरक्षा पहलों में शामिल करता है। यह योजना राज्यभर में महिलाओं को सीधी आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और महिलाओं के सशक्तिकरण के तहत उनके लिए वित्तीय स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के प्रति सरकार के विजन को दर्शाती है।
यह योजना सीधा लाभ प्रदान करने के लिए तैयार की गई है, जिसमें वित्तीय सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी। इस स्कीम के तहत एक परिवार में योग्य महिलाओं की संख्या पर कोई पाबंदी नहीं होगी और एक ही परिवार की कई महिलाएं इस योजना का लाभ ले सकेंगी। पंजाब की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा है, जिससे हर साल 14.5 करोड़ से अधिक मुफ्त यात्राएं होती हैं। लगभग 5.2 लाख नए लोगों को पेंशन योजना में शामिल किया गया और चार वर्षों में 35.7 लाख लोगों को 23,102 करोड़ रुपए वितरित किए गए। आंगनवाड़ी सेवाओं को मजबूत करने के लिए 4,400 भर्तियां की गई हैं और 6,100 और भर्तियां प्रक्रिया में हैं। 27,314 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से 13.7 लाख महिलाओं को 7.4 करोड़ से अधिक सेनेटरी पैड वितरित किए गए हैं।


