उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित मुरादनगर इलाके से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी के भी होश उड़ जाएंगे। भिक्कनपुर स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर महज एक रुपये के बकाया को लेकर ऐसी खौफनाक दबंगई देखने को मिली कि देखने वालों की रूह कांप जाए। एक रुपये मांगने पर मथुरापुर गांव के प्रधान झब्बर सिंह ने अपने भाई और भांजे के साथ मिलकर पेट्रोल पंप के सेल्समैन को इतनी बेरहमी से पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस खौफनाक वारदात का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
₹1001 का डीजल और 1 रुपये पर भड़का गुस्सा
बुलंदशहर के पटपुरा निवासी पीड़ित रिंकू पिछले दो साल से इस पेट्रोल पंप पर बतौर सेल्समैन काम कर रहा है। घटना 20 मई की शाम की है, जब एक युवक पेट्रोल पंप पर आया और उसने अपनी गाड़ी में 1001 रुपये का डीजल भरवाया। जब पेमेंट की बारी आई तो उसने रिंकू को सिर्फ 1000 रुपये दिए। सेल्समैन रिंकू ने जब ईमानदारी से अपने बचे हुए एक रुपये की मांग की, तो वह युवक आगबबूला हो गया। उसने खुद को ग्राम प्रधान झब्बर सिंह का भांजा बताते हुए रिंकू के साथ जमकर गाली-गलौज की और अंजाम भुगतने की धमकी देकर वहां से चला गया।
ग्राम प्रधान ने साथियों के साथ मिलकर किया जानलेवा हमला
धमकी देने के कुछ ही देर बाद वह युवक अपनी दबंगई दिखाने वापस लौट आया। इस बार उसके साथ मथुरापुर का ग्राम प्रधान झब्बर सिंह, उसका भाई अनुज और कुछ अन्य बदमाश भी थे। इन सभी ने पेट्रोल पंप पर धमकते ही सेल्समैन रिंकू को चारों तरफ से घेर लिया और उस पर जानवरों की तरह टूट पड़े। इस अचानक हुए बेरहम हमले में पीड़ित सेल्समैन बुरी तरह जख्मी हो गया। मारपीट की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस का कड़ा एक्शन
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। वीडियो के आधार पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और पीड़ित की शिकायत पर 24 मई को मुरादनगर थाने में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की है। एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही सभी दबंग सलाखों के पीछे होंगे।


