स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक तेज और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर (ISIC) ने डॉक्टर रिंग के सहयोग से अस्पताल से सीधे जुड़ा पहनने योग्य SOS इमरजेंसी रिस्पांस डिवाइस लॉन्च किया है। दावा किया गया है कि यह अपनी तरह का देश का पहला हॉस्पिटल-इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम है।
यह स्मार्ट हेल्थ डिवाइस मोबाइल नेटवर्क के माध्यम से अस्पताल के इमरजेंसी सिस्टम से सीधे जुड़ा रहता है। उपयोगकर्ता को सीने में दर्द, गिरने, सांस लेने में परेशानी, पैनिक अटैक या किसी अन्य मेडिकल आपात स्थिति का सामना करने पर यह तुरंत अस्पताल की इमरजेंसी टीम को अलर्ट भेज देता है।
ISIC के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर डॉ. आशीष चंद्रा ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में उपयोगकर्ता द्वारा SOS बटन दबाते ही सिस्टम सक्रिय हो जाता है और मरीज को सीधे अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर से जोड़ देता है। जरूरत पड़ने पर यह एम्बुलेंस सेवा, इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स और मेडिकल एस्केलेशन प्रक्रिया को भी स्वतः सक्रिय कर सकता है।
उन्होंने बताया कि यह इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पांस सर्विसेज इकोसिस्टम विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, सर्जरी के बाद स्वस्थ हो रहे मरीजों तथा ऐसे लोगों के लिए विकसित किया गया है, जिन्हें निरंतर स्वास्थ्य निगरानी की आवश्यकता होती है।
डॉक्टर रिंग के डॉ. शिव कुमार ने कहा कि यह तकनीक मेडिकल इमरजेंसी के दौरान समय पर सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य मरीजों को चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़े रखना और आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करना है।


