फगवाड़ा शहर में लगातार बढ़ रही पार्किंग और यातायात की समस्या के समाधान की दिशा में एक अहम पहल करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फगवाड़ा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पुल के नीचे आधुनिक पार्किंग सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि स्थानीय लोगों और शहर में आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में सांसद डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि फगवाड़ा एक प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक शहर होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन आते हैं। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और यातायात भी प्रभावित होता है। उन्होंने सुझाव दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पुल के नीचे उपलब्ध खाली स्थान का उपयोग कर अत्याधुनिक पार्किंग परिसर विकसित किया जाए।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए इसे जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण सुझाव बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की एक टीम शीघ्र ही फगवाड़ा पहुंचकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता, उपलब्ध स्थान और अन्य आवश्यक पहलुओं का मूल्यांकन किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आधुनिक पार्किंग सुविधा के निर्माण को लेकर आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
बताया जा रहा है कि यदि यह परियोजना साकार होती है तो फगवाड़ा में पार्किंग की समस्या काफी हद तक दूर होगी। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग के नीचे खाली पड़ी जगह का बेहतर उपयोग होगा, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारु बनेगी। स्थानीय व्यापारियों, यात्रियों और आम नागरिकों को इस परियोजना से सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के सहयोग से फगवाड़ा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।


