पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के मतदान से ठीक पहले राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब जन सुराज पार्टी के सूत्रधार और उम्मीदवार प्रशांत किशोर जक्कनपुर थाना पहुंच गए। पार्टी का आरोप है कि पुलिस ने उसके करीब 20 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, जिसके विरोध में प्रशांत किशोर समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस की।
पार्टी के नेताओं और समर्थकों को लेकर थाना पहुंचे प्रशांत किशोर ने अपने चिर-परिचित आक्रामक तेवर में थानेदार से पूछा कि दो कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गायब कर दिया है तो किससे पूछेंगे। गर्मा-गर्मी के माहौल में एसएचओ ने पलटकर जवाब दे दिया कि मेरे थाने में बैठकर हमको ही धमकी देंगे। प्रशांत किशोर से एसएचओ ने कहा कि वर्दी में होने के कारण ही दबाव है, नहीं तो वर्दी उतारकर आम आदमी बन सकते हैं। जन सुराज पार्टी का कहना है कि यदि उसके कार्यकर्ताओं ने कोई अपराध किया है तो उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए, लेकिन बिना स्पष्ट जानकारी के हिरासत में रखना उचित नहीं है। दूसरी ओर, मतदान के दिन भी प्रशांत किशोर ने पुलिस पर निष्पक्षता से काम न करने और सरकार के दबाव में कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
वायरल वीडियो में प्रशांत किशोर एसएचओ से कहते हैं कि आपके थाने से 2 आदमी गायब हो गया है तो आपसे ही पूछेंगे। एसएचओ प्रशांत किशोर से सीनियर अफसरों से बात करने कहते हैं। फिर थानेदार कहते हैं- ‘ये पॉलिटिक्स आप हमको क्यों दिखा रहे हैं।… वर्दी उतारकर छोड़ देंगे। अगर वर्दी नहीं पहना है तो भूख नहीं लगेगी, नहीं कमाकर खा सकता है आदमी। धमकी नहीं दीजिए।’ प्रशांत किशोर फिर पूछते हैं कि उनके 2 आदमी कहां हैं, कहानी नहीं, कानून बताइए। एसएचओ इस पर कहते हैं- ‘आप मेरे थाने में बैठकर हमको ही धमकी दीजिएगा तो यही वर्दी बचा है क्या। ये वर्दी उतारकर आदमी कोई और काम नहीं करता है।’ थानेदार आगे कहता है कि वर्दी उतार देंगे तो हम भी आम आदमी बन जाएंगे।
उधर भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव आयोग से शिकायत करते हुए जन सुराज पार्टी पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया है। मतदान के दौरान पटना के मीठापुर और किदवईपुरी क्षेत्रों में भाजपा और जन सुराज समर्थकों के बीच हल्की झड़प की खबर भी सामने आई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर सुबह 11 बजे तक लगभग 11.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस सीट पर जन सुराज के प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज सिन्हा और राजद की रेखा गुप्ता सहित 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। उपचुनाव के नतीजे 3 अगस्त को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे।


