जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को शेरी क्षेत्र के फथागढ़ इलाके में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त अभियान में एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह अभियान भारतीय सेना की 46 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), बारामूला पुलिस और सीआरपीएफ की 53वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से चलाया। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने एक संदिग्ध आतंकवादी को गिरफ्तार किया और उसके पास से हथियार व गोला-बारूद बरामद किए।
फिलहाल गिरफ्तार आतंकी की पहचान और बरामद हथियारों की संख्या तथा प्रकार का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह किस आतंकी संगठन से जुड़ा है, कहां से आया था और किन-किन घटनाओं में उसकी भूमिका रही है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
उधर, कुलगाम जिले में एक दिन पहले दो प्रवासी मजदूरों की हत्या करने वाले आतंकवादियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया है। इस बीच, सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस और विपक्षी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने घटना की गहन जांच की मांग की है।


