मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे और ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026’ के उद्घाटन से ठीक पहले सुरक्षा एजेंसियों ने एक बेहद गंभीर और संदिग्ध मामले का पर्दाफाश किया है। नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) परिसर से सुरक्षा बलों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक शख्स खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का वरिष्ठ अधिकारी बता रहा था, जिसके पास से जाली पहचान पत्र मिला, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति के पास से अवैध हथियार (बंदूक) बरामद की गई है।
खुद को बता रहा था बड़ा अफसर, जांच में फर्जी निकला PMO का आईडी कार्ड
मिली जानकारी के अनुसार, वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पूरे बीकेसी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त थी। इसी दौरान एनएमएसीसी परिसर में एक संदिग्ध युवक ने सुरक्षाकर्मियों पर अपना रौब झाड़ते हुए खुद को पीएमओ का अधिकारी बताया और भीतर जाने की कोशिश की। सुरक्षा बलों को जब उसके हाव-भाव पर संदेह हुआ, तो उन्होंने उसके पहचान पत्र की बारीकी से जांच की। सत्यापन के दौरान उसका पीएमओ आईडी कार्ड पूरी तरह फर्जी पाया गया। तलाशी के दौरान उसके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति की कमर से एक लोडेड बंदूक बरामद हुई, जो खुद को कथित अधिकारी का निजी बॉडीगार्ड बता रहा था।
क्राइम ब्रांच कर रही गहन पूछताछ, सुरक्षा घेरा भेदने की साजिश की पड़ताल
संवेदनशील इलाके से हथियार और फर्जी सरकारी दस्तावेज मिलने के बाद दोनों आरोपियों को तुरंत मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के हवाले कर दिया गया। जांच एजेंसियां अब इस बात की तह तक जाने में जुटी हैं कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल के इतने करीब ये दोनों संदिग्ध हथियार के साथ किस मकसद से पहुंचे थे। क्या उनका इरादा सुरक्षा घेरे को भेदकर वीवीआईपी जोन में दाखिल होने का था या इसके पीछे कोई अन्य गहरी आपराधिक साजिश है, इसको लेकर दोनों से खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं।
जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट, छावनी में तब्दील हुआ पूरा इलाका
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम करीब 5:45 बजे जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के 7वें संस्करण का उद्घाटन कर देश-विदेश के प्रतिनिधियों को संबोधित करने वाले हैं। 8 से 11 सितंबर तक चलने वाले इस दुनिया के सबसे बड़े फिनटेक महाकुंभ में दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों के गवर्नर, नीति-निर्माता, वित्तीय संस्थान और दिग्गज टेक कंपनियों के प्रमुख भाग ले रहे हैं। इस घटना के सामने आते ही बीकेसी और आसपास के सभी प्रवेश द्वारों पर चौकसी कई गुना बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले वाहन की सघन चेकिंग की जा रही है।


