मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा रात करीब 1:30 बजे छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर हुआ। नवरात्रि के चलते मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। इसी दौरान धान से लदा एक बेकाबू ट्रक श्रद्धालुओं को कुचलते हुए मंदिर के गेट और बाहरी दीवार से जा टकराया।
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर ढलान है और वहां भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। इसके बावजूद धान से लदा ट्रक पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर नीचे की ओर आ गया। ट्रक की चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे में मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
एसएसपी ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। पांच से छह घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। कई लोगों को फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें आई हैं। वहीं, कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही एंबुलेंस और अन्य वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
कलेक्टर के अनुसार, नवरात्रि के दौरान सड़क पर स्टॉपर और पुलिस चेक-पॉइंट लगाए गए थे। इसके बावजूद ट्रक प्रतिबंधित रास्ते पर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। ट्रक की तकनीकी स्थिति की जांच के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की टीम को भी भेजा गया है।
एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, हादसा रात करीब एक बजे हुआ। ट्रक में क्षमता से अधिक सामान लदा हुआ था। अचानक बेकाबू होकर आए ट्रक ने कई लोगों और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने कुछ लोगों को मौके पर ही दम तोड़ते देखा, जबकि उसके भाई को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। घायलों का अस्पतालों में इलाज जारी है।


