जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट को घेर लिया है। बताया जा रहा है कि आतंकी एक मस्जिद में छिपा हुआ है और घायल अवस्था में है। सुरक्षाबलों ने उसे चारों तरफ से घेरकर आत्मसमर्पण करने का मौका दिया है, लेकिन वह लगातार गोलीबारी कर रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान आतंकी की मौजूदगी का पता चला और उसे घेर लिया गया। सुरक्षाबल लगातार उसे सरेंडर करने के लिए कह रहे हैं, ताकि अभियान को बिना किसी नुकसान के समाप्त किया जा सके।
इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में आतंकी नसीर डार मारा गया था। वह लतीफ का करीबी साथी था और कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले में शामिल था। इस दौरान लतीफ शुरुआती घेराबंदी से बचकर भागने में सफल रहा था। इसके बाद से सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
अधिकारियों के अनुसार, लतीफ के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद रविवार दोपहर से ही इलाके में अभियान चलाया जा रहा था। सोमवार सुबह कुलगाम के लारू इलाके में आगे बढ़ रहे पुलिस के वाहन पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। अभियान में सीआरपीएफ और सेना के जवान भी शामिल हो गए। सोमवार से ही सुरक्षाबल इलाके में आतंकियों की तलाश कर रहे थे।
जांच में सामने आया है कि कुलगाम के अखरन इलाके में 11 नवंबर को सीआरपीएफ के नाके पर हमले से एक दिन पहले आतंकी लतीफ अहमद भट ने चार स्थानों की रेकी की थी। इसके बाद उसने हमले के लिए जगह और फरार होने के रास्ते भी तय किए थे। 16 नवंबर को मुठभेड़ में मारा गया आतंकी उमर निसार भी उसके साथ था।
पुलिस को सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान दोनों आतंकियों की गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिली है। फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि दोनों ने 10 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम इलाकों में घूमकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के संभावित स्थानों की पहचान की थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि उमर निसार पिछले छह महीने से लतीफ को पनाह दे रहा था। पुलिस अब दोनों आतंकियों की गतिविधियों और उनके मददगारों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।


