Tuesday, October 27, 2026
Google search engine
Homepunjabडॉ. रवजोत सिंह ने नगर निगमों के प्रबंधों का लिया जायजा; बारिश...

डॉ. रवजोत सिंह ने नगर निगमों के प्रबंधों का लिया जायजा; बारिश से पहले सीवरेज की अच्छी तरह सफाई सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

पंजाब की मान सरकार राज्य के निवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मुहैया कराने के लिए लगातार कदम उठा रही है। यह बात पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कही। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बरसात के मौसम से पहले सीवरेज की अच्छी तरह से सफाई सुनिश्चित की जाए।

आज म्यूनिसिपल भवन में विभिन्न नगर निगमों के संबंधित विधायकों, मेयरों और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान डॉ. रवजोत सिंह ने राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विभाग के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रगतिरत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए।

स्थानीय निकाय मंत्री ने अधिकारियों से बारिश के मौसम से पहले की सभी तैयारियों की रिपोर्ट ली और उन्हें शहरों के सीवरेज की समय पर उचित सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि बरसाती मौसम के दौरान बारिश का पानी सीवरेज के पानी में मिलकर सड़कों और गलियों में नहीं आना चाहिए। शहरवासियों को साफ पीने का पानी और उचित सफाई व्यवस्था मुहैया कराना सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नगर निगमों को आवश्यक विकास कार्यों से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजने के लिए भी कहा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार राज्य को स्वच्छ और हरा-भरा पंजाब बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि शहरों में सड़कों और गलियों की रोजाना साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसी भी दोषी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

मंत्री ने कहा कि शहरों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को रोकने के लिए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में एनिमल बर्थ कंट्रोल (ए.बी.सी) कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करें।

इस बैठक में विधायक ब्रह्म शंकर जिम्पा, डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, अमनशेर सिंह शेरी कल्सी और अरुण नारंग के अलावा स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक गुरप्रीत सिंह खैहरा, पीएमआईडीसी के सीईओ दीप्ति उप्पल और स्थानीय निकाय विभाग तथा सीवरेज बोर्ड के अधिकारी भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments