राजधानी दिल्ली के न्यू अशोक नगर की होनहार बेटी तान्या सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने ऑल इंडिया 200वीं रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और दिल्ली का नाम रोशन किया है। इस ऐतिहासिक सफलता की खबर मिलते ही पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई और जश्न का माहौल है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। जिला मयूर विहार के उपाध्यक्ष मोहित शर्मा (एडवोकेट) ने तान्या सिंह के निवास स्थान पर जाकर उनसे खास मुलाकात की। उन्होंने तान्या और उनके परिजनों को इस बड़ी सफलता पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मोहित शर्मा ने कहा कि तान्या की यह सफलता पूरे न्यू अशोक नगर और दिल्लीवासियों के लिए असीम गर्व का विषय है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के खास अवसर पर तान्या की यह कामयाबी आधी आबादी के लिए एक सशक्त संदेश है। उनकी कड़ी मेहनत, लगन और अटूट समर्पण आज के युवाओं और विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का एक बहुत बड़ा स्रोत है। देश सेवा में उनके महत्वपूर्ण योगदान की उम्मीद जताते हुए उन्हें विशेष रूप से शुभकामनाएं दी गईं।
इस खास मौके पर ब्रजमोहन शर्मा, रुचिका पांडे, निरंकार रस्तोगी, डी.एन. श्रीवास्तव, अश्वनी गौतम, नितेश शर्मा, पंकज सिंह, सौरभ रस्तोगी, किशन कश्यप, सुनील दुबे, अभय सिंह और शिवांश दीक्षित सहित क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर इस होनहार बेटी का उत्साहवर्धन किया।


