दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता सोमवार को उपराज्यपाल श्री वी. के. सक्सेना के साथ दिल्ली गेट स्थित बहादुर शाह जफर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए गए ‘श्री पार्थ-सारथी रथ’ के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली को सुंदर और सुव्यवस्थित शहर बनाने का साझा सपना है, जिसके लिए लगातार विकास और सौंदर्यीकरण के काम किए जा रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी को साफ-सुथरा, सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शहर में पार्कों के विकास, सौंदर्यीकरण परियोजनाओं और सार्वजनिक स्थानों पर कलात्मक संरचनाएं बनाकर दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया जा रहा है।
इस अवसर पर दिल्ली के कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, जंगपुरा से विधायक श्री तरविंदर सिंह मारवाह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। इस अवसर पर उपराज्यपाल श्री वी. के. सक्सेना ने कहा कि आज का दिन विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि लंबे समय से की जा रही तैयारियों के बाद इस कलात्मक संरचना का निर्माण पूर्ण हुआ है। उन्होंने बताया कि इस ‘पार्थ-सारथी रथ’ के निर्माण में टीम ने लगभग सात से आठ महीनों तक निरंतर परिश्रम किया है, जिसके परिणामस्वरूप यह आकर्षक और भव्य संरचना तैयार हुई है।
उन्होंने कहा कि यह रथ न केवल कलात्मक दृष्टि से अत्यंत सुंदर है, बल्कि इसकी संरचनात्मक आयु लगभग 50 वर्षों तक रहने का अनुमान है। उपराज्यपाल महोदय ने इस परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग की पूरी टीम के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कलात्मक संरचनाएं न केवल शहर की सुंदरता को बढ़ाती हैं बल्कि लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनती हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली गेट और बहादुर शाह जफर मार्ग का यह क्षेत्र ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां स्थापित ‘श्री पार्थ-सारथी रथ’ की अवधारणा भी इसी सोच के साथ तैयार की गई है ताकि इस क्षेत्र की सुंदरता और पहचान को और सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के नागरिकों के लिए सुंदर और स्वच्छ सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे प्रयासों से न केवल शहर का पर्यावरण बेहतर होता है बल्कि नागरिकों को भी बेहतर सार्वजनिक अनुभव प्राप्त होता है।
‘श्री पार्थ-सारथी रथ’ की स्थापना का उद्देश्य दिल्ली के ऐतिहासिक क्षेत्रों को और सुंदर बनाना और सार्वजनिक स्थलों को अधिक आकर्षक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाना है। इस परियोजना के जरिए दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और वैश्विक स्तर पर खास पहचान वाले शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम उठाया गया है। यह संरचना आम नागरिकों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी और आसपास के इलाके की सुंदरता को बढ़ाने में मदद करेगी।
यह रथ 10 मिमी मोटी 316 ग्रेड स्टेनलेस स्टील प्लेट से बनाया गया है। इसकी संरचना का आकार लगभग 30 फीट × 20 फीट है और इसका कुल वजन करीब 5,500 किलोग्राम है। रात के समय इसकी भव्यता बनाए रखने के लिए इसमें 12 स्पॉट लाइट और 12 फ्लड लाइट लगाई गई हैं। साथ ही, आसपास के क्षेत्र को और सुंदर बनाने के लिए लैंडस्केपिंग और बागवानी से जुड़े काम भी कराए गए हैं।


