शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी पर लोगों को डराने के लिए पर्चे बांटकर राजनीति करने का आरोप लगाया। पंजाब बचाओ अभियान के तहत रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप सरकार को बताना चाहिए कि उसने पंजाबियों के लिए क्या किया है।
बादल ने दावा किया कि आप सरकार ने आटा-दाल, शगुन, सेवा केंद्र, छात्राओं को मुफ्त साइकिल और मुफ्त दवा जैसी योजनाएं बंद कर दी हैं। उन्होंने अमृतसर के बीआरटीएस प्रोजेक्ट को बंद कर नीलाम करने के फैसले पर भी सवाल उठाया।
आप के घर-घर अभियान पर निशाना साधते हुए बादल ने कहा कि लोगों को अकाली दल के सत्ता में आने पर नशा बढ़ने और आप क्लीनिक बंद होने जैसे दावों से डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या पहले से गंभीर है और अकाली दल की सरकार बनने पर किसानों, सामाजिक कल्याण और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए कई योजनाएं शुरू की जाएंगी।
बादल ने कहा कि अकाली दल सत्ता में आने पर वंचित किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन, आटा-दाल योजना के तहत 50 किलो गेहूं, शगुन राशि एक लाख रुपये और वृद्धावस्था पेंशन 3,100 रुपये मासिक करेगा। उन्होंने प्रत्येक जिला मुख्यालय पर मेडिकल व पशु चिकित्सा कॉलेज, युवा उद्यमियों को 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण, पशुपालन परियोजनाओं पर 75 प्रतिशत सब्सिडी और बेघरों को पांच मरला प्लॉट देने का भी वादा किया।
उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियां केवल पंजाबियों को देने, गांवों में लाल डोरा के तहत घरों की रजिस्ट्री और ब्यास-सतलुज के चैनलाइजेशन का काम भी किया जाएगा।
वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने सीमा क्षेत्र के किसानों के मुआवजे में बढ़ोतरी की मांग की। रैली को गुलजार सिंह रणीके, डॉ. दलजीत सिंह चीमा, विरसा सिंह वल्टोहा और कंचनप्रीत कौर ने भी संबोधित किया।


