जंतर-मंतर पर काकरोच जनता पार्टी के चले विरोध प्रदर्शनों के बीच ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा भी लगातार चर्चा में बनी रही हैं। सरकार के खिलाफ बेबाक तरीके से अपनी बात रखने और आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण वह सुर्खियों में रहती हैं। अब अपनी लैंगिक पहचान को लेकर दिए गए बयान के चलते भी उनकी चर्चा हो रही है। नेहा बोरा का कहना है कि वह खुद को न तो महिला मानती हैं और न ही पुरुष, बल्कि उनकी पहचान नॉन-बाइनरी है। उन्होंने मीडिया संस्थानों से अपील की है कि उन्हें महिला या पुरुष के बजाय एक व्यक्ति के रूप में संबोधित किया जाए।
एक इंटरव्यू के दौरान जब उनसे सवाल किया गया कि मीडिया में आपको गलत तरीके से संबंधित कर दिया जाता है जबकि आप खुद को महिला नहीं मानती हैं। इसपर नेहा बोरा ने कहा, इस तरह की बातें हो जाती हैं। एक ही बार की बातचीत में कई बार लोग मेरे लिए ‘She’ का इस्तेमाल करते हैं और फिर ‘They’ भी बोलते हैं। मैं इसको स्वीकार कर चुकी हूं। लोगों को समझने में समय लगता है कि नॉन बाइनरी लोगों को कैसे संबोधित किया जाए। उन्होंने कहा, अब कई मीडिया संस्थान मुझे पर्सन के तौर पर संबोधित करने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की सामाजिक और लैंगिक पहचान से जुड़े विषयों को समझाना आसान नहीं होता। पहले लोगों को नॉन-बाइनरी पहचान के बारे में जानकारी ही नहीं थी, लेकिन अब इस मुद्दे पर चर्चा शुरू हुई है। उनके अनुसार, यह बदलाव इस विचार को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो रहा है।
क्या होती है नॉन-बाइनरी पहचान?
नॉन-बाइनरी एक ऐसी लैंगिक पहचान है, जिसमें व्यक्ति खुद को केवल महिला या पुरुष की पारंपरिक श्रेणियों में सीमित नहीं मानता। कुछ नॉन-बाइनरी लोग अपनी पहचान में महिला और पुरुष दोनों के तत्व महसूस करते हैं, जबकि कुछ खुद को इन दोनों श्रेणियों से अलग मानते हैं। यह पहचान हर व्यक्ति के लिए अलग हो सकती है।
नेहा बोरा भी अपनी पहचान को महिला और पुरुष की पारंपरिक पहचान से अलग मानती हैं। वह चाहती हैं कि लोग उन्हें किसी लैंगिक श्रेणी में रखने के बजाय एक व्यक्ति के रूप में स्वीकार करें।
उत्तराखंड से जेएनयू तक का सफर
उत्तराखंड की रहने वाली नेहा बोरा ने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्थित आंबेडकर विश्वविद्यालय से एमए किया। फिलहाल वह जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से पीएचडी कर रही हैं। छात्र राजनीति में सक्रिय नेहा को विश्वविद्यालय परिसर में वामपंथी छात्र राजनीति के प्रमुख चेहरों में गिना जाता है।
नेहा बोरा सोनम वांगचुक के साथ जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हुई थीं। इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन किया गया था। इसके अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शनों में भी उन्होंने हिस्सा लिया। उन्हें कई मौकों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ भी देखा गया है।


