पंजाब में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों और दफ्तरों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। नए आदेशों के तहत अब सरकारी स्कूल और कार्यालय सुबह 7:30 बजे खुलेंगे और दोपहर 1:30 बजे बंद हो जाएंगे। यह नया समय 25 मई से लागू होगा।
सरकार की ओर से जारी निर्देश सभी सरकारी स्कूलों की कक्षाओं पर लागू होंगे। पहले स्कूलों का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक था, लेकिन बढ़ती गर्मी को देखते हुए इसे डेढ़ घंटा पहले कर दिया गया है, ताकि बच्चों को तेज धूप और गर्म हवाओं से राहत मिल सके।
सरकारी कर्मचारियों को भी इस फैसले से राहत मिलेगी। अभी तक सरकारी कार्यालय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलते थे, जिससे कर्मचारियों को सुबह और शाम दोनों समय गर्मी का सामना करना पड़ता था। नए समय के लागू होने के बाद कर्मचारियों की ड्यूटी अवधि भी कम होकर लगभग 6 घंटे की रह जाएगी।
पंजाब सरकार इससे पहले भी गर्मियों में कार्यालय समय बदल चुकी है। वर्ष 2023 में 2 मई से 15 जुलाई तक सरकारी दफ्तरों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया था। हालांकि इस बार अत्यधिक गर्मी को देखते हुए समय में और कटौती करते हुए दफ्तर दोपहर 1:30 बजे बंद करने का फैसला लिया गया है।
इसी बीच शुक्रवार सुबह पंजाब के कई इलाकों में मौसम ने करवट ली। जालंधर, लुधियाना और पठानकोट समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद तापमान में करीब 3.5 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। गुरुवार दोपहर जहां तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शुक्रवार को यह घटकर 39.7 डिग्री तक पहुंच गया।
हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। 24 से 26 मई तक आसमान सामान्य रूप से साफ रहने की संभावना है और इस दौरान तापमान फिर बढ़ सकता है। पंजाब के बठिंडा में गुरुवार को सबसे अधिक 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान फिर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।


