भीषण गर्मी से झुलस रहे उत्तर भारत को जल्द राहत मिल सकती है। पिछले कई दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी और लू ने लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है और इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षी भी तपिश से परेशान हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने राहत भरी भविष्यवाणी करते हुए बताया है कि आने वाले दिनों में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 28 मई से कई राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी। इसके चलते हल्की से मध्यम बारिश, तेज आंधी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश के बांदा में हाल ही में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं। मौसम विभाग ने 29 से 31 मई के बीच कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।
पहाड़ी राज्यों के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 28 से 31 मई के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे मौसम सुहावना हो सकता है।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी मौसम बदलने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग के अनुसार 31 मई तक इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 28 और 29 मई को कई क्षेत्रों में तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। पिछले करीब दो सप्ताह से इन राज्यों में लू का प्रकोप जारी है और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
इसके अलावा राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में भी 28 से 30 मई के बीच बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।


