पंजाब सरकार द्वारा नशे के खिलाफ छेड़े गए ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान के तहत फिरोजपुर जिला पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है। खाकी को शर्मसार करते हुए खुद पुलिस महकमे के एक बड़े अधिकारी को भारी मात्रा में नशे की खेप और हथियारों के साथ रंगे हाथों दबोचा गया है। सूत्रों के मुताबिक, काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात इंस्पेक्टर बलदेव सिंह पतली को करीब साढ़े तीन किलोग्राम हेरोइन और छह अवैध पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया है।
मोगा रोड टोल प्लाजा के पास नाकेबंदी में धरा गया इंस्पेक्टर
जानकारी के अनुसार, यह बड़ी कार्रवाई थाना घल्ल खुर्द की पुलिस टीम द्वारा देर रात गुप्त सूचना के आधार पर अमल में लाई गई। बताया जा रहा है कि आरोपी इंस्पेक्टर अपनी कार से घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान मोगा रोड पर स्थित मिश्रीवाला टोल प्लाजा के नजदीक पुलिस पार्टी ने विशेष नाकेबंदी कर उसे रुकने का इशारा किया। शक के आधार पर जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो गाड़ी के भीतर से लगभग 3.5 किलो हेरोइन और 6 अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद हुईं, जिसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत उसे अपनी हिरासत में ले लिया।
बड़े नशा तस्करों से संबंधों की आशंका, बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस महकमे के अपने ही इंस्पेक्टर के नशा और हथियार तस्करी में संलिप्त पाए जाने के बाद उच्चाधिकारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी हुई है। तफ्तीश इस बात पर केंद्रित है कि यह भारी खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन तस्करों या गिरोहों तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में कई अन्य स्थानीय और सीमा पार के तस्करों के नाम भी सामने आ सकते हैं, जिसको लेकर आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।


