पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह करीब 5 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से देवरिया जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार छह लोगों में से तीन टेनिस खिलाड़ी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा में सवार छह लोग लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। कार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। हादसे के वक्त कार सवार सभी लोग थकान के कारण सो रहे थे। इसी दौरान कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस से अयोध्या जिले के कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया।
हादसे में घायल 23 वर्षीय आनंद यादव, 30 वर्षीय जयंतो शर्मा और 22 वर्षीय राजू को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल जयंतो शर्मा ने पुलिस को बताया कि वे सभी टेनिस खिलाड़ी हैं और लखनऊ में मैच खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे। मैच खेलने के बाद सभी काफी थक गए थे और सफर के दौरान कार में सो रहे थे। इसी वजह से उन्हें हादसा होने की जानकारी भी नहीं हो सकी।
हादसे में 22 वर्षीय नित्या प्रजापति, 24 वर्षीय अनिकेत और 20 वर्षीय इरफान अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। हादसे के बाद ट्रक मौके से निकल गया। पुलिस अब अज्ञात ट्रक की पहचान करने में जुटी है। हादसा किस वजह से हुआ और ट्रक की भूमिका क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।


